ट्रेंडिंगपंजाबराज्य

भाजपा द्वारा चंडीगढ़ को छीनने की साजिश के खिलाफ कानूनी और जन लड़ाई लड़ेगा पंजाब: हरपाल सिंह चीमा !

कहा, पंजाब का चंडीगढ़ पर दावा पूरी तरह जायज !

पंजाब के वित्त मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चंडीगढ़ पर पंजाब के हक छीनने की कोशिश की कड़ी निंदा की।

आनंदपुर साहिब में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री हरपाल सिंह चीमा ने दृढ़ता से कहा कि राज्य के 24 गांवों को उजाड़कर बसाया गया चंडीगढ़ शहर सिर्फ और सिर्फ पंजाब का है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा द्वारा चंडीगढ़ छीनने की किसी भी कोशिश के खिलाफ दो मोर्चों पर लड़ाई लड़ी जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कानूनी लड़ाई लड़ेगी, वहीं आम आदमी पार्टी पंजाब के तीन करोड़ लोगों के साथ मिलकर सड़क से संसद तक जोरदार संघर्ष छेड़ेगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि भाजपा “हिटलर की सोच” पर चलते हुए देश के लोकतांत्रिक और संघीय ढांचे को तबाह करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब सरकार और देश के लोग धार्मिक स्वतंत्रता एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस मना रहे हैं, ठीक उसी समय ऐसी साजिश रचना इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता।

वित्त मंत्री श्री चीमा ने कहा कि भाजपा लगातार पंजाब के लोगों की भावनाओं को भड़काने की कोशिशों से राज्य को (अंधेरे) दिनों की ओर धकेलना चाहती है। उन्होंने भाजपा की लगातार पंजाब-विरोधी कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तीन काले कृषि कानूनों से लेकर भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) के जरिए पंजाब के हितों की अनदेखी, पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनेट पर कब्जा करने की नाकाम कोशिश जो प्रत्यक्ष तौर पर करीब 200 कॉलेजों के कामकाज को प्रभावित कर सकती थी, और अब चंडीगढ़ छीनने की घटिया चालें, ये सभी भाजपा की घटिया मानसिकता और पंजाब-विरोधी चेहरे को बेनकाब कर रही हैं।

मुगलों के रास्ते पर चलकर पंजाब के हित दबाने के लिए भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कड़ी निंदा करते हुए वित्त मंत्री श्री चीमा ने विशेष रूप से संविधान (131वां संशोधन) बिल पेश करने की केंद्र सरकार की योजना पर प्रकाश डाला। इस प्रस्तावित बिल का मकसद चंडीगढ़ को संविधान की धारा 240 के दायरे में लाना है, जिससे राष्ट्रपति को केंद्र शासित प्रदेश के लिए सीधे कानून बनाने का अधिकार मिल जाएगा। इसे उन्होंने पंजाब के अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे पंजाब के बहादुर लोगों ने भाजपा की पिछली कोशिशों को नाकाम किया था, वैसे ही इस घटिया कोशिश का भी मुंहतोड़ जवाब देंगे, जिससे भाजपा की आने वाली पीढ़ियां भी ठोस सबक लेंगी।

भाजपा के लगातार पंजाब-विरोधी एजेंडे की तीखी आलोचना करते हुए वित्त मंत्री श्री चीमा ने सख्त चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में ‘आप’ सरकार समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर पंजाब के हक छीनने की किसी भी साजिश के खिलाफ मोर्चे पर डटी रहेगी।

Related Articles

Back to top button