भारतट्रेंडिंग
Trending

आधी रात को पप्पू यादव की गिरफ्तारी: 31 साल पुराने कब्जा मामले में पटना पुलिस का एक्शन, सांसद बोले- “पता नहीं क्या होगा”

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने आधी रात गिरफ्तार किया। 31 साल पुराने मकान कब्जा मामले में कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई, सिटी एसपी खुद मौके पर पहुंचे।

Pappu Yadav Midnight Arrested: आधी रात पुलिस की कार्रवाई, सांसद हिरासत में

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने आधी रात गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के लिए खुद पटना पश्चिमी के सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। गिरफ्तारी का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हुआ है, जिसमें पप्पू यादव असहज नजर आ रहे हैं।

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा,
“मेरी तबीयत ठीक नहीं है… मुझे नहीं पता मेरे साथ क्या होगा…”

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पप्पू यादव पर 31 साल पुराना एक मामला चल रहा है। आरोप है कि वर्ष 1995 में वे पटना के एक मकान में किराये पर रहने गए थे, लेकिन बाद में उस पर कब्जा कर लिया। पहले वहां अपना दफ्तर खोला गया और फिर मकान मालिक की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

मामले में अदालत ने कई बार समन भेजे, लेकिन पप्पू यादव पेश नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए संपत्ति कुर्की और गिरफ्तारी का आदेश जारी कर दिया।

कोर्ट के आदेश पर आधी रात कार्रवाई

कोर्ट के आदेश के बाद पटना पुलिस आधी रात पप्पू यादव के आवास पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

आज कोर्ट में पेशी

फिलहाल पप्पू यादव को रात पुलिस सेल में रखा गया है। शनिवार सुबह उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और इसे लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं।

पूरा मामला अब कोर्ट में है, जहां आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button