राज्यट्रेंडिंगपंजाब

गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी दिवस पर अमृतसर और बाबा बकाला साहिब में होंगे भव्य आयोजन – बैंस !

नगर कीर्तन का हर गांव और शहर में किया जाएगा शानदार स्वागत – ईटीओ !

नवम पातशाह, हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी दिवस को पंजाब सरकार मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में यादगार ढंग से मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर तैयारियों की समीक्षा के लिए पंजाब के कैबिनेट मंत्री स हरजोत सिंह बैंस, स हरभजन सिंह ईटीओ, स तरुनप्रीत सिंह सौंद और पर्यटन विभाग के सलाहकार श्री दीपक बाली ने बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले, विधायकों और जिला अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस अवसर पर बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले ने कहा कि वाहेगुरु ने जो भी सेवा हमें सौंपी है, हम उसे संगत, विभिन्न महापुरुषों और संप्रदायों के सहयोग से पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

कैबिनेट मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि जहां-जहां गुरु साहिब के पवित्र चरण पड़े हैं, वहां पंजाब सरकार की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के जन्मस्थान अमृतसर और बाबा बकाला साहिब, जहां गुरु जी ने लंबे समय तक साधना की थी, वहां कीर्तन दरबार, लाइट एंड साउंड शो और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को गुरदासपुर से शुरू होने वाला नगर कीर्तन रात्रि विश्राम अमृतसर में करेगा और यहां से सुबह रवाना होकर तरनतारन होते हुए जालंधर पहुंचेगा। इस नगर कीर्तन की संपूर्ण ज़िम्मेदारी बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले निभाएंगे, जबकि प्रशासनिक और सेवा संबंधी प्रबंध पंजाब सरकार और संगत की ओर से किए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री स हरभजन सिंह ईटीओ ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर कीर्तन के मार्गों सहित संगत द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सभी रास्तों की सफाई और तैयारी पूरी तरह सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि महिता चौक से नगर कीर्तन अमृतसर जिले में प्रवेश करेगा और बाबा बकाला साहिब, जंडियाला गुरु होते हुए अमृतसर पहुंचेगा तथा सुबह झब्बाल के रास्ते तरनतारन जाएगा।

कैबिनेट मंत्री स तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि कार्यक्रमों के लिए हर संस्था, गांवों की पंचायतों और अन्य धार्मिक संगतों को विशेष निमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे। नगर कीर्तन के गुजरने वाले मार्गों पर श्रद्धा के साथ फूलों से स्वागत किया जाएगा और संगत की सेवा की जाएगी।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए स हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए हर संस्था, गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों और देश-विदेश की महान हस्तियों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली के गुरुद्वारा सीस गंज से की जा रही है। 17 नवंबर से श्रीनगर से आरंभ होकर नगर कीर्तन आनंदपुर साहिब पहुंचेगा। इसी प्रकार दो नगर कीर्तन मालवा क्षेत्र से और एक माझा क्षेत्र से प्रारंभ होकर श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा, जहां भव्य धार्मिक समारोह आयोजित होंगे।

तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब स्थित विरासत-ए-खालसा में मुख्यमंत्री पंजाब द्वारा श्री गुरु तेग बहादर जी की महान शहादत को दर्शाती डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। मानवता और मानवाधिकारों के रक्षक नौवें पातशाह के शहीदी दिवस पर सर्वधर्म सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सिख इतिहास के विद्वान विचार-विमर्श करेंगे। 24 नवंबर को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस अवसर पर निहंग सिंहों द्वारा “मोहल्ला खालसा” प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं से संबंधित कवि दरबार, ढाडी और कविशरी कार्यक्रम होंगे। इसी दिन पंज प्यारा पार्क में “लाइट एंड साउंड और ड्रोन शो” आयोजित किया जाएगा, जो बाद में पंजाब के सभी जिलों में भी दिखाया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री स हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि 25 नवंबर की शाम 7 बजे ‘मिशाल-ए-शहादत’ के प्रतीक के रूप में प्रदेश की सभी सरकारी इमारतों को रोशन किया जाएगा, ताकि पूरे सूबे में गुरु साहिब की शहादत को समर्पित वातावरण बने।

इस अवसर पर श्री दीपक बाली ने सभी अधिकारियों को इस आयोजन में एक सेवक की तरह कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि गुरु साहिब की अतुलनीय शहादत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हमें अधिकतम योगदान देना चाहिए।

अंत में मंत्रियों ने कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया लोगो बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले और जिला प्रशासन को सौंपा। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के निदेशक श्री संजीव तिवारी, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती साक्षी साहनी, मेयर स जतिंदर सिंह मोती भाटिया, विधायक श्री जसविंदर सिंह रमदास, पुलिस कमिश्नर स गुरप्रीत सिंह भुल्लर, जिला पुलिस प्रमुख मनिंदर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती अमनदीप कौर और श्रीमती परमजीत कौर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कैप्शन:
श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी पर्व समारोहों के संबंध में बाबा कश्मीर सिंह जी भूरीवाले और अधिकारियों के साथ बैठक करते कैबिनेट मंत्री स हरजोत सिंह बैंस, स हरभजन सिंह ईटीओ, स तरुनप्रीत सिंह सौंद और श्री दीपक बाली।

 

नगर कीर्तन का हर गांव और शहर में किया जाएगा शानदार स्वागत – ईटीओ !
नगर कीर्तन का हर गांव और शहर में किया जाएगा शानदार स्वागत – ईटीओ !

गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी दिवस पर अमृतसर और बाबा बकाला साहिब में होंगे भव्य आयोजन – बैंस !

Related Articles

Back to top button