‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम का 18वां दिन: पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, 208 गिरफ्तार, हथियार और ड्रग मनी बरामद

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के 'गैंगस्टर मुक्त पंजाब' के विजन को साकार करने के लिए शुरू की गई ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम अपने 18वें दिन भी बेहद आक्रामक रही।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत पंजाब पुलिस ने 18वें दिन राज्यभर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से सभी जिलों में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर कुल 601 छापेमारी की गई।

पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से यह अभियान 20 जनवरी 2026 को डीजीपी पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। तब से लगातार विशेष ऑपरेशनों के जरिए गैंग नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा रहा है।

18वें दिन की बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने आज 208 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके साथ ही इस अभियान में अब तक कुल 5,110 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

इसके अलावा 121 व्यक्तियों पर एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि 284 लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान 7 भगोड़े अपराधियों को भी दबोचा गया।

नशों के खिलाफ समानांतर सख्ती

पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ चल रही मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को भी 342वें दिन जारी रखा। आज की कार्रवाई में 97 नशा तस्कर गिरफ्तार किए गए, जिनके पास से 1.6 किलो हेरोइन, 510 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।

342 दिनों में अब तक 47,954 ड्रग तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साथ ही ‘डी-एडिक्शन’ के तहत 24 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास के लिए राजी किया गया।

गुप्त सूचना के लिए हेल्पलाइन

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि गैंगस्टरों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से संपर्क करें।

Exit mobile version