आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नेता तलबीर सिंह ने शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत पर कहा कि मजीठिया की जमानत पर जश्न मनाने वाले लोग शायद यह भूल गए हैं कि जमानत मिलना कोई ‘क्लीन चिट’ नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मजीठिया की जमानत पर ऐसे खुश हो रहे हैं जैसे वह कोई जंग जीतकर आया हो, जबकि सच्चाई यह है कि जमानत किसी भी केस में एक सामान्य कानूनी प्रक्रिया है।
तलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि मजीठिया अभी सिर्फ जेल से बाहर आए हैं, वह अपराध मुक्त नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि अदालत में केस अभी भी चल रहा है और फैसला आना बाकी है। जल्द ही यह भी साफ हो जाएगा कि किस कंपनी से कितना पैसा आया और वह पैसा कहाँ गया। दूध का दूध और पानी का पानी होना अभी बाकी है। उन्होंने विरोधियों को आगाह किया कि कानूनी राहत को अंतिम जीत समझने की भूल न करें।
मजीठिया पर निशाना साधते हुए आप नेता ने कहा कि जेल से बाहर आने वाले व्यक्ति ने कभी पंजाब का भला नहीं सोचा। जनता सब जानती है कि उसकी जमानत कराने कौन गया था और इसके पीछे की कहानी क्या है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़े खुलासे होंगे क्योंकि सरकार के पास पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
तलबीर सिंह ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई में पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सिर्फ बेल पर खुशी मनाने का कोई फायदा नहीं है। जब अंतिम फैसला आएगा, तब पता चलेगा कि पंजाब की जवानी को बर्बाद करने वालों का असली ठिकाना कहाँ है। सरकार मजबूती से अपना पक्ष रखेगी और इंसाफ होकर रहेगा।



