हरियाणा में घोटालों की गूंज: ‘आप’ नेता अनुराग ढांडा का सीएम नायब सैनी पर बड़ा हमला, 1500 करोड़ के श्रम घोटाले का किया खुलासा

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे के दौरान दिए गए बयानों की कड़ी निंदा की है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब में दिए गए बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर खड़े होकर दिए गए ये बयान न सिर्फ तथ्यों से परे हैं, बल्कि हरियाणा में भाजपा सरकार की नाकामियों और घोटालों से ध्यान भटकाने की एक सोची-समझी कोशिश हैं। बाढ़, किसानों का मुआवजा और मजदूरों की मदद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर मुख्यमंत्री का रवैया गैर-जिम्मेदाराना रहा है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि जो सरकार अपने राज्य में किसानों और मजदूरों को उनका हक नहीं दिला पाई, उसे दूसरों को उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में खड़े होकर हरियाणा के मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया कि दिल्ली में भाजपा सरकार आने के बाद मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए गए। इससे साफ है कि भाजपा सुविधाएं देने की बजाय उन्हें खत्म करने की राजनीति करती है।

हरियाणा श्रम विभाग में 1500 करोड़ का घोटाला

AAP नेता ने हरियाणा श्रम विभाग में सामने आए लगभग 1500 करोड़ रुपये के वर्क-स्लिप घोटाले को गरीब मजदूरों के साथ किया गया ऐतिहासिक धोखा बताया। हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में करीब 6 लाख वर्क-स्लिप की जांच में 90 फीसदी से ज्यादा फर्जी पाई गईं। फर्जी मजदूरों के नाम पर मातृत्व लाभ, शिक्षा सहायता और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं से लाखों रुपये निकाले गए, जबकि असली मजदूर आज भी सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

“खट्टर से सैनी तक, चरित्र वही”

अनुराग ढांडा ने कहा कि 2014 से 2024 तक मनोहर लाल खट्टर और उसके बाद नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में सत्ता बदली, लेकिन भाजपा सरकार का चरित्र नहीं बदला। बीते 11 वर्षों में 20 से अधिक बड़े घोटाले सामने आए, जिनकी पुष्टि CAG रिपोर्ट, अदालतों की टिप्पणियों, ईडी-विजिलेंस जांच और एफआईआर से होती है।

अवैध खनन और किसानों की लूट

उन्होंने बताया कि नूंह जिले में अवैध खनन से 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ, जबकि अरावली क्षेत्र में रॉयल्टी चोरी और अवैध खनन से 5000 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति हुई। पैडी प्रोक्योरमेंट में भी हजारों करोड़ का घोटाला सामने आया, जहां फर्जी गेट पास और कागजी खरीद से किसान भुगतान के लिए भटकते रहे।

युवाओं और अर्थव्यवस्था पर असर

AAP नेता ने कहा कि भर्ती घोटालों ने हरियाणा के युवाओं का भविष्य बर्बाद किया। HTET, HSSC, HPSC और पुलिस भर्ती से जुड़े 20 से ज्यादा घोटाले सामने आए। इन सबका सीधा असर राज्य की अर्थव्यवस्था पर पड़ा और 2014 के बाद हरियाणा पर कर्ज बढ़कर करीब 4 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, लेकिन विकास कहीं नजर नहीं आया।

AAP की मांग

अनुराग ढांडा ने मांग की कि 2014 से अब तक श्रम, खनन, पैडी प्रोक्योरमेंट, भर्ती और अन्य बड़े घोटालों की जांच CBI या हाईकोर्ट की निगरानी में कराई जाए। साथ ही 4 लाख करोड़ रुपये के कर्ज पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों, मजदूरों और युवाओं के साथ खड़ी है और यह लड़ाई सत्ता की नहीं, हरियाणा को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने की है।

Exit mobile version