रायपुर.
छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के मोर्चे पर अच्छी खबर है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी है। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले इस सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल के साथ चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी शामिल होंगे। समारोह सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सफाई मित्रों और नागरिकों की भागीदारी पर रहा जोर
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में शहरों की सफाई व्यवस्था का मूल्यांकन करने के तरीके में बदलाव किया गया है। इस बार नागरिकों की भागीदारी को पहले से ज्यादा महत्व दिया गया है। लोगों के फीडबैक का वेटेज बढ़ाया गया है, ताकि शहरों की स्वच्छता व्यवस्था का आकलन केवल सरकारी दावों या निरीक्षण के आधार पर नहीं, बल्कि आम नागरिकों के अनुभव के आधार पर भी हो सके। नागरिक ऐप, पोर्टल और क्यूआर कोड के जरिए पूरे साल अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इससे सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को लेकर लोगों की राय सर्वेक्षण का हिस्सा बनेगी।
3 हजार से ज्यादा मूल्यांकनकर्ता करेंगे मैदानी जांच
इस बार सर्वेक्षण के लिए देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं की तैनाती के जरिए 45 दिनों का मैदानी सर्वेक्षण निर्धारित किया गया है। शहरों में स्वच्छता से जुड़े इंतजामों की जांच और उनके दावों के सत्यापन के लिए GPS आधारित डिजिटल निगरानी व्यवस्था भी अपनाई गई है। इस प्रक्रिया के तहत शहरों की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कामों का जमीनी स्तर पर आकलन किया जाएगा। नागरिकों की प्रतिक्रिया और मैदानी निरीक्षण को महत्व देने से नगरीय निकायों की जवाबदेही बढ़ाने की कोशिश की गई है।
हर शहर से चार प्रतिनिधि ग्रहण करेंगे सम्मान
नई दिल्ली में होने वाले समारोह में प्रत्येक चयनित शहर से चार प्रतिनिधि सम्मान ग्रहण करेंगे। इनमें सफाई मित्रों के साथ स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और अभियंता भी शामिल होंगे। इस व्यवस्था के जरिए स्वच्छता अभियान में सीधे तौर पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों शहरों के चयन पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दिया।
पिछले सर्वेक्षण में भी बिल्हा ने हासिल किया था पहला स्थान
छत्तीसगढ़ के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी अहम है, क्योंकि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में भी बिलासपुर जिले की बिल्हा नगर पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया था। इस बार रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश में स्वच्छता अभियान और नगरीय निकायों की गतिविधियों को लेकर एक और उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ भी इसी सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी पर केंद्रित है।

छत्तीसगढ़ में दूध हुआ महंगा, अमूल के बाद अब देवभोग ने बढ़ाए रेट
शहीद के परिजनों को घर बनाने के लिए 50 लाख रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट: मुख्यमंत्री
शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कर्मियों की भूमिका अहम : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आस्था के साथ सेहत का भी पर्व है छठ, जानिए सुबह-शाम सूर्य को अर्घ्य देने के फायदे