आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और हलका अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल के बम धमाकों वाले बयान पर सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपनी सत्ता के लिए पंजाब को तबाह करने के लिए बड़ी-बड़ी साजिशें कीं। धालीवाल ने भावुक होते हुए कहा कि वे खुद उस काले दौर के पीड़ित हैं और उनके परिवार के 3 सदस्य तथा गांव जगदेव कलां के 25 लोग आतंकवाद की आग में शहीद हुए।
विधायक धालीवाल ने कहा कि 1980 में जब सरदार दरबारा सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री थे और बीबी भट्ठल उनकी कैबिनेट का हिस्सा थीं, तब ढिल्लवां के पास पहला बड़ा कांड हुआ जब एक बस में से एक फिरके के लोगों को उतारकर कत्ल किया गया। उस कांड के बाद पहली बार पंजाब में सीआरपी और पैरा मिलिट्री फोर्स की एंट्री हुई और पंजाब के सिर पर कर्जा चढ़ना शुरू हुआ।
धालीवाल ने कहा कि डेढ़ महीने पहले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी माना था कि जब वे कांग्रेस के सांसद थे तो उन्होंने 25 लड़कों को सरेंडर कराया लेकिन वे सभी मार दिए गए। धालीवाल ने सवाल किया कि उन लड़कों की लाशें कहां गईं और उनके नाम क्या थे। उन्होंने कहा कि कैप्टन को 30 साल बाद याद आया और अब कहते हैं कि कभी-कभी नींद नहीं आती।
‘आप’ नेता ने कहा कि 2017 के चुनावों में जब आम आदमी पार्टी के 100 सीटें जीतने की चर्चा थी, उस समय मौड़ बम धमाका हुआ और कांग्रेस की सरकार बन गई। उन्होंने कहा कि आज भट्ठल के बयान से यह सब कुछ सामने आ रहा है।
धालीवाल ने कहा कि मैडम भट्ठल हमेशा कहती हैं कि वे देशभक्त बाबा हीरा सिंह भट्ठल की बेटी हैं। अगर उन्हें पंजाब से सचमुच प्यार है तो उन्हें उन अफसरों और नेताओं के नाम बताने चाहिए जो बम धमाके करने की सलाह देते थे। अगर वे नाम नहीं बताते तो वे अपने बुजुर्गों की देशभक्ति को भी मिट्टी में मिला रहे हैं।
विधायक धालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मांग की कि इस बयान की गहराई से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर मुद्दा है क्योंकि पंजाब के हजारों लोग मारे गए और कई अभी भी जेलों में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि ये साजिशें बेनकाब होनी चाहिए।
धालीवाल ने पंजाबियों से अपील की कि कांग्रेस का असली चेहरा अब नंगा हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये लोग पंजाब को आर्थिक और सामाजिक तौर पर बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार हैं और लोक अदालत में इन्हें मुंह न लगाया जाए।



