कपूरथला : पंजाब के कपूरथला जिले की भुलत्थ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के आवास के बाहर सोमवार सुबह प्रशासन का बुलडोजर चलने से भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। रामगढ़ गांव स्थित विधायक के घर से जुड़े कथित अवैध निर्माण को हटाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम दल-बल के साथ पहुंची। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर के पास गली में बनाए गए गेट के पिलर को जमींदोज कर दिया। घटना के वक्त विधायक खैहरा अपने घर पर ही मौजूद थे और इस कार्रवाई के विरोध में उनके दर्जनों समर्थक वहां जुट गए, जिससे इलाके का माहौल काफी गरमा गया।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई मुख्य घर पर नहीं, बल्कि केवल उससे जुड़े अवैध निर्माण को हटाने के लिए की गई है। हालांकि, मौके पर किसी भी तरह के भारी बवाल और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए थे। एसएसपी गौरव तूरा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया था और पूरे इलाके को एक अभेद्य सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया। फिलहाल इस पूरी कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से कोई भी विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
खैहरा का सीएम भगवंत मान पर सीधा हमला
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने प्रशासन की इस कार्रवाई को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित और बदले की भावना करार दिया है। खैहरा ने सख्त लहजे में कहा कि प्रशासन ने इस डिमोलिशन ड्राइव से पहले उन्हें न तो कोई कानूनी नोटिस दिया और न ही उनकी बात सुनने का कोई मौका दिया गया, जो सत्ता का सरासर दुरुपयोग है।
सोशल मीडिया पर अपील के बाद सुबह ही उमड़ पड़े थे समर्थक
प्रशासन की मंशा की भनक लगते ही सुखपाल खैहरा ने कार्रवाई से पहले ही अपने समर्थकों से मदद की गुहार लगा दी थी। उन्होंने एक संदेश जारी कर अपने प्रशंसकों से सोमवार सुबह 7 बजे उनके रामगढ़ स्थित आवास पर पहुंचने की अपील की थी। खैहरा ने अपने संदेश में कहा था कि आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बिना किसी पूर्व सूचना के गलत इरादों से उनके घर को नुकसान पहुंचाने आ रही है, इसलिए लोग इस गैर-कानूनी काम का डटकर विरोध करने के लिए उनका साथ दें। उनकी इसी अपील का असर था कि सुबह-सुबह बड़ी संख्या में समर्थक वहां इकट्ठा हो गए और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।

खुशहाल किसान, समृद्ध पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान की नीतियों से खेती में आया बड़ा बदलाव
कोविड वॉलंटियर्स की बल्ले-बल्ले: सरकारी नौकरी में मिलेंगे 10 बोनस अंक, पंजाब कैबिनेट का बड़ा फैसला
पंजाब में राशन कार्ड धारकों की मौज! अब गेहूं के साथ मिलेगी फ्री दाल, तेल और चीनी की किट
भगवंत मान सरकार की ‘मेरी रसोई’ स्कीम पंजाब में आहार और पोषण सुरक्षा को करेगी मज़बूत: बलतेज पन्नू !