रायपुर.
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले चार दिनों तक क्षेत्र में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र
मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 12 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे तक उसी क्षेत्र में बना हुआ था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। अगले 12 घंटों के दौरान इसके और स्पष्ट रूप से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके अवदाब में बदलने तथा अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश तटों की ओर जाने की संभावना जताई गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार दिनों तक इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कल हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात होने की भी संभावना है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा तमनार और चांदो में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि अजगरबहार, मोहला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। साल्हेवारा, बिहारपुर, रतनपुर, सामरी, खरसिया, कोरबा, जनकपुर भरतपुर, मैनपाट, दरी और घरघोड़ा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। छाल, कोटाडोल, बलरामपुर, खड़गांव, रायगढ़, मरवाही, राजपुर, धमधा, छुरिया, मनोरा, डौंडीलोहारा और डोंगरगढ़ में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
रायपुर और दुर्ग में 33.2 डिग्री तापमान
12 अगस्त को रायपुर और दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा।
अगले चार दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और इसके संभावित रूप से मजबूत होने के प्रभाव से अगले चार दिनों तक क्षेत्र में मानसून सक्रिय रह सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश और अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश के दौर की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
भारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी जाती है।

कैप्टन स्मित मच्छार, साहस का वह नाम, जिसने देश को गौरवान्वित किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो ने की शिष्टाचार भेंट
धान के बदले दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती अपनाने किसानों को करें प्रोत्साहित, प्रति एकड़ 15 हजार रुपए अनुदान का प्रावधान
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में दिखेगा ‘सारंग’ टीम का दम, CM साय से मुलाकात के बाद ध्रुव हेलीकॉप्टर के प्रदर्शन की तैयारी