राज्यपंजाब

“धर्मी फौजी” के नाम पर गैंगस्टर के परिवार को टिकट देना अकाली दल का पुराना ‘मैनेज’ करने का तरीका: बलतेज पन्नू !

'आप' का सुखबीर बादल पर बड़ा हमला: तरनतारन में लोगों को 'सोनू चीमा' जैसा हाल करने की धमकियां देकर वोट मांगे गए !

आम आदमी पार्टी (आप) ने तरनतारन उपचुनाव में अकाली दल द्वारा अपनी ‘वापसी’ के दावों को सख्ती से खारिज कर दिया है। ‘आप’ ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल आज भी 2007-17 वाले दौर की सोच के तहत गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देकर राजनीति करना चाहते हैं। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू ने आज यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि अकाली दल ने ‘धर्मी फौजी’ के नाम पर एक गैंगस्टर के परिवार को टिकट देकर लोगों को गुमराह किया और डरा-धमकाकर वोट हासिल करने की कोशिश की।

बलतेज पन्नू ने कहा कि सुखबीर बादल का आईटी विंग यह प्रचार कर रहा है कि अकाली दल की वापसी हो गई है, जो सरासर झूठ है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “यह वही बात है जैसे पुराने जमाने में मांएं ‘कनैन’ (कुनैन) की कड़वी गोली पर गुड़ लपेट कर देती थीं। कहा गया कि टिकट ‘धर्मी फौजी’ के परिवार को दी गई, लेकिन असल में टिकट एक गैंगस्टर के परिवार को दी गई। वह धर्मी फौजी कौन था, उसे किसी ने देखा ही नहीं, ताकि असलियत सामने न आ सके।”

सुखबीर बादल पर सीधा हमला करते हुए पन्नू ने कहा, “सुखबीर बादल सोचते हैं कि यह अभी भी 2007 से 2017 वाला दौर है, जब वे गैंगस्टरों को पनाह देकर और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देकर राजनीति करते थे, लेकिन पंजाब के लोग अब जाग चुके हैं।” उन्होंने अकाली दल के पिछले शासन को याद दिलाते हुए कहा, “यह वही दौर था जब अमृतसर में एक ए.एस.आई. की अपनी बेटी की इज्जत बचाने के लिए हत्या कर दी गई, लुधियाना में पुलिस अफसर की टांग तोड़ी गई, फरीदकोट से लड़की अगवा हुई और नाभा जेल ब्रेक जैसी घटनाएं इसी गैंगस्टरवाद की देन थीं।” उन्होंने कहा कि ‘गैंगस्टर’ शब्द भी पंजाब में 2007 के बाद ही सुनने को मिला।

पन्नू ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार न तो गैंगस्टरवाद को संरक्षण देती है और न ही पंजाब के लोग इसे दोबारा सिर उठाने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल अब तरनतारन के इसी ‘गैंगस्टर मॉडल’ को पूरे पंजाब में लागू करना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि अकाली उम्मीदवार को पहले दो दौर में बढ़त सिर्फ उन्हीं गांवों से मिली, जहां उस गैंगस्टर समूह ने पहले ही धक्केशाही से अपने सरपंच बनाए हुए थे।

‘आप’ नेता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को खुलेआम धमकाया गया। “हमारे इलाके में ‘बहकों’ (खेतों में बने घरों) पर जाकर लोगों की फोन पर बात करवाई गई और धमकी दी गई कि ‘याद है सोनू चीमा का क्या हाल हुआ था? अगर हमें वोट नहीं दिए तो तुम्हारा भी वही हाल करेंगे’।” उन्होंने कहा कि विरोधी उम्मीदवारों को भी जान से मारने की धमकियां दी गईं, जिसका बाकायदा एक मामला भी दर्ज है।

बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की कि इस पूरे मामले की एक ‘एसआईटी’ (SIT) बनाकर जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा, “फोन का रिकॉर्ड निकलवाया जाना चाहिए कि किन-किन लोगों को ये धमकियां आईं, क्योंकि फोन का रिकॉर्ड कहीं नहीं जाता। जिन लोगों को धमकियां मिली हैं, वे भी आगे आएं, सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा देगी।”

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर भी तंज कसते हुए कहा, “जाखड़ साहब आज पंजाब में गैंगस्टरवाद बढ़ने की बात कर रहे थे, लेकिन कल वही सुखबीर बादल के साथ एक शादी में सोफे पर बैठकर “हंसी-ठिठोली” कर रहे थे। पता नहीं उन्होंने सुखबीर बादल से यह पूछा कि नहीं कि यह गैंगस्टर परिवार वाला उम्मीदवार आप कहां से ढूंढ लाए? क्या अकाली दल 2027 में भी इसी तरीके से राजनीति करेगा या फिर तौबा करेगा?”

Related Articles

Back to top button