‘युद्ध नशे विरुद्ध’ में बड़ा खुलासा: श्मशान घाट में नशा करते पकड़े गए युवक का कांग्रेस कनेक्शन; वित्त मंत्री हरपाल चीमा का विपक्ष पर करारा हमला
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया कि कलानौर में नशा करते पकड़े गए युवक का कांग्रेस से सीधा संबंध है। उन्होंने पिछली सरकारों पर नशे को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ‘युद्ध नशियां विरूद्ध’ अभियान की ताज़ा सफलता का विवरण साझा किया। चीमा ने बताया कि गुरदासपुर जिले के कलानौर में गुरकीरत सिंह नामक युवक को श्मशान घाट के भीतर नशा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। वित्त मंत्री ने दावा किया कि पकड़े गए आरोपी का सीधा संबंध कांग्रेस पार्टी से है और उसके कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ फोटो भी सामने आए हैं।
विपक्षी दलों पर ‘नशों की बाढ़’ बहाने का आरोप हरपाल सिंह चीमा ने अकाली दल-भाजपा और कांग्रेस के पिछले शासनकालों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इन्हीं पार्टियों ने पंजाब में नशे की जड़ें गहरी की थीं। उन्होंने कहा, “आज जब हमारी सरकार कार्रवाई कर रही है, तो ऐसे लोग पकड़े जा रहे हैं जिनका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध इन पुरानी पार्टियों से है। यही कारण है कि आज ये पार्टियां बिलबिला रही हैं।”
इलाज और सुधार पर जोर मंत्री ने स्पष्ट किया कि मान सरकार की नीति केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि जो तस्कर हैं वे जेल जा रहे हैं या पंजाब छोड़ रहे हैं, लेकिन जो युवा नशे की गिरफ्त में हैं, सरकार उनका उचित इलाज करवाकर उन्हें मुख्यधारा में वापस ला रही है। उन्होंने इस अभियान को अब एक ‘जन आंदोलन’ करार दिया जिसे पंजाब के लाखों लोगों का समर्थन मिल रहा है।



