भोपाल.
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर की स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर और सशक्त बनाते हुए शनिवार को ग्वालियर स्थित बिरला नगर सिविल अस्पताल एवं प्रसूति गृह में अत्याधुनिक 'सी-आर्म मशीन' का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस विस्तार से अब क्षेत्र के नागरिकों को जटिल सर्जरी और उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव, सिविल अस्पताल बिरला नगर के अधीक्षक डॉ. जे.के. मसोरिया, डॉ. ए.के खरे, डॉ. हरेन्द्र सिंह तोमर, डॉ. वरुण पाठक सहित चिकित्सक मौजूद रहे।
मंत्री तोमर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, आधुनिक एवं वैश्विक मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सी-आर्म मशीन एक मोबाइल मेडिकल इमेजिंग डिवाइस है जो सर्जरी के दौरान रियल-टाइम एक्स-रे (फ्लोरोस्कोपी) छवियां प्रदान करती है। इसका मुख्य उपयोग ऑर्थोपेडिक (हड्डी), कार्डियोलॉजी, और यूरोलॉजी सर्जरी में शरीर के आंतरिक अंगों को देखने, हड्डियों को जोड़ने, स्टेंट लगाने, या कैथेटर को सही स्थान पर पहुंचाने के लिए किया जाता है।
मंत्री तोमर ने बिरला नगर अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और रोगियों से जुड़ी सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
पहला सफल हुआ आपरेशन
सिविल अस्पताल एवं प्रसूति गृह बिरला नगर में ऊर्जा मंत्री तोमर द्वारा सी-आर्म मशीन का लोकार्पण किए जाने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा अस्थि रोग से पीड़ित पहले मरीज का सफल आपरेशन किया गया।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ रहा आत्मविश्वास
कभी मजदूरी कर चलाती थीं परिवार की आजीविका, आज तीन एकड़ में खेती से अर्जित की तीन लाख रुपये तक की आमदनी
सेवा सेतु केंद्र बना आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम, रामशरण को एक ही स्थान पर मिले तीन प्रमाण पत्र’
सीएम ने कहा- फॉरेंसिक साक्ष्यों की शुद्धता और समयबद्धता से सुनिश्चित होगा न्याय