
चंडीगढ़ – पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मनीश सिसोदिया समेत अन्य को बरी करने पर तंज कसा। परगट सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में चुनाव से पहले अपनी बी-टीम आम आदमी पार्टी को बड़ी राहत दी। यह दिलचस्प है कि भाजपा की बी-टीम के प्रति सेंट्रल एजेंसियां अचानक नरम कैसे पड़ गईं। सवाल यह उठता है कि क्या कांग्रेस को रोकने के लिए जानबूझकर पकड़ ढीली की जा रही है? लेकिन भाजपा और उसकी बी-टीम पंजाब में कांग्रेस को आने से रोक नहीं सकती हैं।
परगट सिंह ने कहा कि मजे की बात यह है जहां आम आदमी पार्टी दिल्ली में केंद्र सरकार पर विपक्ष को दबाने के लिए एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाती है, वहीं पंजाब में उसकी अपनी सरकार भी ऐसा ही करती दिख रही है। सरकार अपने खिलाफ बोलने और सवाल पूछने वालों को चुप करवाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि वह बहुत समय से कहते आ रहे हैं कि भाजपा और आम आदमी पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। भाजपा अपनी जरूरत के मुताबिक आम आदमी पार्टी का चुनाव जीतने के लिए इस्तेमाल करती आ रही है। भाजपा को दिल्ली जीतनी थी, तभी उन्होंने केजरीवाल व उनके नेताओं के पीछे केंद्रीय एजेंसियों को लगा दिया। अब काम पूरा होने के बाद एजेंसियों को पीछे खींच लिया गया है। अब केजरीवाल वही करेगी जो भाजपा कहेगी।



