ट्रेंडिंग

रोज-रोज की दाल-सब्जी से हो गए हैं बोर? ट्राई करें साउथ इंडियन प्याज-मूंगफली की क्रीमी चटनी

 रोज-रोज एक जैसी दाल-सब्जी खाकर मन भर जाता है और अगर इसके साथ ही चटनी मिल जाए तो सादा खाना भी टेस्टी लगने लगता है. उत्तर भारत में आमतौर पर धनिया-पुदीना की चटनी खूब बनाई जाती है, लेकिन साउथ इंडिया में नारियल चटनी के अलावा कई अलग तरह की चटनियां भी बनाई जाती है. इसी में प्याज और मूंगफली की क्रीमी चटनी भी शामिल है, जिसका स्वाद नॉर्मल चटनी से बिल्कुल अलग होता है.

साउथ इंडिया में प्याज और मूंगफली की चटनी घरों में लोग खूब बनाते हैं और इसे बड़े चाव से खाते हैं. नारियल की चटनी के साथ दक्षिण भारत में प्याज-मूंगफली की चटनी भी सर्व की जाती है, जिसका स्वाद बहुत लाजवाब होता है. खास बात यह है कि इस चटनी को आप आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं, इसके लिए आपको ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं होती है. इस चटनी को आप अपने घर पर मिनटों में रेडी कर सकते हैं, आइए हम आपको प्याज-मूंगफली की चटनी बनाने का साउथ इंडियन तरीका बताते हैं.

प्याज-मूंगफली की चटनी के लिए इंग्रेडिएंट्स
    1 कप मूंगफली
    1 प्याज, मोटा कटा हुआ
    5 सूखी लाल मिर्च
    2 लहसुन की कलियां
    नमक स्वादानुसार
    थोड़े से करी पत्ते
    इमली का छोटा-सा टुकड़ा या 1 छोटा चम्मच इमली का पेस्ट
    1 छोटा चम्मच जीरा
    1 बड़ा चम्मच तेल
    जरूरत के अनुसार पानी

तड़के के लिए
    2 छोटे चम्मच तेल
    1 छोटा चम्मच राई
    2 छोटे चम्मच धुली उड़द दाल
    थोड़े से करी पत्ते

प्याज-मूंगफली की चटनी बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कड़ाही में 1 छोटा चम्मच तेल गर्म करें. इसमें मूंगफली डालकर मिडियम फ्लेम पर करीब 3 मिनट तक भूनें. मूंगफली हल्की भुन जाए तो इसे एक प्लेट में निकाल लें. अब उसी कड़ाही में सूखी लाल मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें और इसे भी अलग निकाल लें.

इसके बाद कड़ाही में 2 छोटे चम्मच तेल डालें. इसमें कटा हुआ प्याज डालकर तब तक भूनें, जब तक प्याज हल्का गोल्डन न हो जाए. अब इसमें लहसुन की कलियां डालकर कुछ देर भूनें. आखिर में करी पत्ते डालें और कुछ सेकंड पकाकर गैस बंद कर दें.

अब भुनी हुई मूंगफली, लाल मिर्च, प्याज, लहसुन और करी पत्ते को मिक्सर जार में डालें. इसमें जीरा, स्वादानुसार नमक और इमली भी डाल दें. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सभी चीजों को पीस लें. अब पेस्ट को एक कटोरी में निकाल लें.

ऐसे लगाएं चटनी में तड़का
तड़का लगाने के लिए एक छोटे पैन में 2 छोटे चम्मच तेल गर्म करें. इसमें राई डालें और इसे चटकने दें. अब उड़द दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद करी पत्ते डालें और तुरंत गैस बंद कर दें. तैयार तड़के को चटनी के ऊपर डालें और अच्छी तरह मिला दें.

Related Articles

Back to top button