आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश महासचिव बलतेज पन्नू ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी और भाजपा नेता बीबा जय इंदर कौर पर तीखा हमला बोला है। जय इंदर कौर द्वारा पंजाब की महिलाओं के लिए 1100 रुपये की मांग को लेकर चंडीगढ़ में ‘आप’ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए, पन्नू ने उन्हें सलाह दी कि वह अपने राजनीतिक अभियान पर जाने से पहले अपने पिता कैप्टन अमरिंदर सिंह से जवाब जरूर मांगें। पन्नू ने कहा कि आज कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा के बड़े नेता हैं और उन्होंने 2017 में पंजाब के लोगों के साथ झूठ बोला था, इसलिए सवाल उन्हीं पर बनते हैं।
बलतेज पन्नू ने जय इंदर कौर से अपने पिता कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछने के लिए कहा कि जब उन्होंने ‘कैप्टन ने कसम खाई, घर-घर नौकरी पक्की’ का वादा किया था, तो आज तक कितने घरों को नौकरी दी गई है? उन्होंने यह भी पूछने के लिए कहा कि किसानों का संपूर्ण कर्ज़ा माफ़ करने का वादा किया गया था, जिसमें बैंकों और आढ़तियों के अलावा पड़ोसियों से लिया गया कर्ज़ा भी शामिल था, तो उस कर्ज़ा माफी का क्या हुआ?
‘आप’ नेता ने कहा कि कैप्टन ने बेरोजगारों को महीने का भत्ता देने की बात भी कही थी और इस संबंध में कार्ड भी भरवाए गए थे, तो उस भत्ते का क्या हुआ? सबसे अहम सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पवित्र गुटका साहिब की कसम खाकर यह बात कही थी कि वह चार हफ्तों में नशे की कमर तोड़ देंगे, पर क्या वह कमर टूटी? यह सारा सच पूरे पंजाब को पता है।
महिलाओं के भत्ते के मुद्दे पर ‘आप’ नेता ने कहा कि जिस पार्टी में जय इंदर कौर और उनके पिता हैं, उसने लोगों के खातों में 15-15 लाख रुपये डालने का जुमला छोड़ा था और हो सकता है कि जय इंदर कौर अभी तक वही 15 लाख रुपये इस्तेमाल कर रही हों।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मान सरकार ने महिलाओं को जो 1100 रुपये देने का वादा किया था, वह इस वादे पर पूरी तरह कायम है और इसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। पन्नू ने अंत में कहा कि अगर जय इंदर कौर या ‘पड़ोसी मुल्क वाली रूसा आंटी जी’ ने महिलाओं की सूची में नाम लिखवाना है, तो वह भी बता दें।



