फाजिल्का: समाजसेवी संदीप गिल्होत्रा के निधन पर भावुक हुए CM भगवंत मान, शोकाकुल परिवार से मिलकर बांटी संवेदनाएं

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने फाजिल्का में समाजसेवी संदीप गिल्होत्रा के निधन पर उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

फाजिल्का : पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फाजिल्का पहुंचे, जहां उन्होंने शहर के वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय संदीप गिलहोत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री सीधे पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स, पंजाब के चेयरमैन करन गिलहोत्रा के निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

स्वर्गीय सेठ संदीप गिल्होत्रा, करण गिल्होत्रा के पिता होने के साथ-साथ पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के ससुर भी थे। इस कठिन समय में मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ बैठकर दुख साझा किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सेठ गिल्होत्रा के पोते प्रयांश से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सेठ संदीप गिल्होत्रा ने समाज सेवा और व्यापारिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

Exit mobile version