आम आदमी पार्टी ने आज पंजाब की गौरवशाली विरासत और समृद्ध संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। पार्टी के पंजाब प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने “विरासत सेवा संगठन” नामक एक नए विंग का शुभारंभ किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर पार्टी के जोन कोऑर्डिनेटर, जिला प्रधान और हल्का कोऑर्डिनेटर के साथ एक सार्थक संवाद का आयोजन किया गया। इस बैठक में पंजाब की विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस नवगठित विंग की सबसे बड़ी ताकत यह है कि इसमें ऐसे समर्पित साथी नेतृत्व की भूमिका में हैं, जो पहले से ही पंजाब की विरासत और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में पूरी निष्ठा और लगन से जुड़े हुए हैं। ये साथी न केवल पंजाबी विरासत को प्रमोट कर रहे हैं, बल्कि इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का बीड़ा भी उठाए हुए हैं।
मनीष सिसोदिया ने सभी साथियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि यह संगठन मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब के विकास के लिए हो रहे कार्यों को नई ऊंचाई देगा। आप सभी की मेहनत, सेवा भाव और समर्पण से पंजाब की विरासत की समृद्धि के नए अध्याय लिखे जाएंगे। रंगला पंजाब बनाने का हमारा सपना बहुत जल्द जमीन पर साकार होगा।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा से पंजाब की सांस्कृतिक धरोहर और विरासत के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध रही है। विरासत सेवा संगठन का गठन इसी दिशा में एक मजबूत कदम है, जो भगवंत मान सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




