कांग्रेस की अंतर्कलह आई सामने: रैली के पोस्टर से फोटो हटी, आप ने मजे लेते हुए कसा तंज

आप नेता बलतेज पन्नू ने बरनाला रैली को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं की फोटो पोस्टर से गायब है और वे मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं।

चंडीगढ़- आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कांग्रेस द्वारा बरनाला में की गई रैली पर तीखा वार करते हुए पंजाब के कांग्रेसी नेताओं की हाईकमान के सामने शून्य हो चुकी हैसियत को बेनकाब किया है।

बलतेज पन्नू ने अपने सोशल मीडिया हैंडल (X) पर लिखा कि “दिल्ली वाले आ गए, दिल्ली वाले आ गए! हर रोज दुहाई देने वाले पंजाब के कांग्रेसियो, ये राहुल गांधी क्या भुलथ से हैं और खड़गे जी बाघा पुराना से हैं?”

पन्नू ने कांग्रेस के उन पंजाबी नेताओं पर भी निशाना साधा जो मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने लिखा कि बहुत बुरी हुई बेचारे कांग्रेसियों के साथ जो मुख्यमंत्री बनने की जैकेटें सिलवाए घूम रहे हैं, उनकी तो पोस्टर से भी फोटो गायब हो गई।

बलतेज पन्नू के इस तीखे तंज का सीधा इशारा इस बात की ओर है कि कांग्रेस की बरनाला रैली के पोस्टरों में पंजाब के स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को जगह नहीं दी गई, जबकि यही नेता आम आदमी पार्टी पर “दिल्ली से पंजाब चलाने” का आरोप लगाते रहते हैं।

‘आप’ के मीडिया प्रभारी के इस बयान ने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति की उस तस्वीर को भी सामने लाया है जहां पंजाब के कई कांग्रेसी नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए लालायित हैं, लेकिन हाईकमान की नजर में उनकी कोई पूछ-परख नहीं है और इतनी भी नहीं कि रैली के पोस्टर में उनकी फोटो तक लग सके।

Exit mobile version