भोपाल.
कोलार के दामखेड़ा में कलियासोत नदी किनारे डेयरी की आड़ में गोकशी के मामले में पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। जिस डेयरी पर पुलिस ने दबिश देकर गोवंश के कटे अवशेष बरामद किए थे, उससे करीब 500 मीटर दूर जंगल में छह गोवंश और भैंसें मिली हैं।
बजरंग दल कार्यकर्ता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर कांजीहाउस भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन मवेशियों का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं। जंगल में मिले मवेशियों पर राजाराम यादव और अमित यादव के परिवार ने मालिकाना हक जताया है। उनका कहना है कि वे मुन्ना यादव की डेयरी के पास ही अपनी डेरी चलाते थे। कार्रवाई के बाद वे अपने मवेशियों को लेकर जंगल में आ गए थे। पुलिस परिवार के दावे की भी जांच कर रही है।
पत्नी और बेटे को भी बनाया आरोपित
इस मामले में पुलिस ने डेयरी संचालक मुन्ना यादव की पत्नी नीलम यादव और बेटे कृष्णा को भी आरोपित बनाया है। गिरफ्तार आरोपित मुन्ना यादव और आसिफ समेत तीनों आरोपितों ने कथन में उनका जिक्र किया है। पुलिस डेयरी से मिले साक्ष्यों और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा डेयरी परिसर से एक पिकअप वाहन और तीन बाइक भी जब्त की गई हैं। पुलिस गोकशी में इन वाहनों के उपयोग को लेकर भी जांच कर रही है।
डेयरी पर दबिश में मिले थे गोवंश के कटे अवशेष
कोलार के दामखेड़ा में कलियासोत नदी किनारे सरकारी जमीन पर संचालित गब्बर डेयरी पर पुलिस ने गोकशी की सूचना के बाद दबिश दी थी। मौके से गोवंश के कटे अवशेष मिले थे, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान चार युवक गौमांस लेकर वाहन से भाग निकले थे। पुलिस ने डेयरी संचालक गब्बर यादव, उसके भाई मुन्ना यादव और आसिफ खान को गिरफ्तार किया था। डेयरी से हड्डी पीसने वाले ग्राइंडर जब्त किए गए थे। इसके बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ढहा दिया था। हिंदू संगठनों ने कोलार थाने का घेराव कर आरोपितों पर रासुका लगाने की मांग की थी।
पत्नी और बेटे को भी बनाया आरोपित –
गोकशी मामले में आरोपित मुन्ना यादव की पत्नी और बेटे को भी आरोपित बनाया गया है। आरोपितों से लगातार पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस की दो टीमें जुटी हैं।
– संजय सोनी, कोलार थाना प्रभारी

रायपुर में आज अमित शाह का दौरा, विकसित भारत संकल्प पार्क की देंगे सौगात
“राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व” — मंत्री राजवाड़े
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना को मिली राहत, हाईकोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार
नरेंद्र के अंगदान से बचेंगी 5 जिंदगियां, लिवर-किडनी समेत कई अंग किए दान