
अबोहर : पंजाब के अबोहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर चौक से टकरा गई।
मृतकों की पहचान उदय (24), विशाल (22) और रमन (22) के रूप में हुई है। उदय और विशाल सगे भाई थे और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उदय विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। रमन उनका रिश्तेदार (बुआ का पुत्र) था। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घायलों की पहचान रोशन और अनमोल के रूप में हुई है। सभी युवक अबोहर के निकट स्थित गांव बलुआणा के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे बागों में किन्नू तोड़ने का ठेका लेते थे और रविवार रात एक सौदा तय कर लौट रहे थे।
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब सवा एक बजे यह दुर्घटना हुई। कार हनुमानगढ़ मार्ग की ओर से आ रही थी और रोटी चौक की दिशा में पुल से उतर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार चौक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चौक का ढांचा भी टूट गया। दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल अवस्था में वाहन में फंसे मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया और परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। इसक बाद के और घायल की मौत हो गई।
सिटी-1 थाना प्रभारी रविंदर सिंह के अनुसार, तीनों मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



