ट्रेंडिंगदिल्लीभारतराज्य
Trending

दिल्ली : ₹2100 करोड़ की जल परियोजनाओं से सुधरेगी सप्लाई; सीवर नेटवर्क का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में ₹2100 करोड़ की जल और सीवर परियोजनाओं का उद्घाटन किया। व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए ₹74,293 करोड़ की पेनल्टी माफ की गई।

नई दिल्ली  दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को पश्चिमी दिल्ली स्थित टोडापुर के रामलीला मैदान में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 2100 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि बेहतर जल प्रबंधन व्यवस्था बनाना ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि लोगों को जल्दी फायदा मिल सके।

इस अवसर पर नई दिल्ली की सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, दिल्ली के जल मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, राजेंद्र नगर के विधायक श्री उमंग बजाज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और आधुनिक सीवरेज प्रणाली विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है, वे न केवल जल आपूर्ति क्षमता को बढ़ाएंगी, बल्कि दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जिन इलाकों में कई सालों से पानी और सीवर की समस्या थी, वहां अब स्थायी समाधान किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को बेहतर पानी की सप्लाई मिलेगी, आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट की सुविधा बढ़ेगी और यमुना को साफ करने में मदद मिलेगी। परियोजनाएं पूरी होने के बाद सीवेज साफ करने की क्षमता बढ़ेगी और बिना साफ किया हुआ गंदा पानी यमुना में जाने से रुकेगा। साथ ही, पानी की सप्लाई व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए पानी और सीवर की मजबूत व्यवस्था बहुत जरूरी है। सरकार मिशन मोड में काम कर रही है ताकि हर घर तक साफ पानी पहुंचे और हर इलाके में आधुनिक सीवर नेटवर्क हो।

इस अवसर पर दिल्ली के जल मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली अब विकास के नए दौर में कदम रख रही है। यह सिर्फ योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उनका असर अब राजधानी में भी साफ दिख रहा है। सरकार पानी की सप्लाई और सीवर जैसी जरूरी सेवाओं को आधुनिक, मजबूत, ज्यादा प्रभावी और पूरी तरह लोगों की जरूरतों के अनुसार बनाने के लिए काम कर रही है।

एमनेस्टी स्कीम में व्यावसायिक उपभोक्ता भी शामिल

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जल उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लागू की गई एमनेस्टी स्कीम में अब व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी शामिल किया जा रहा है। साथ ही इस योजना को अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ 3.52 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने लिया, जिसके अंतर्गत पेनल्टी, ब्याज और सरचार्ज माफ कर लगभग 1400 करोड़ रुपये की राहत दी गई तथा दिल्ली जल बोर्ड को 484 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अब इस योजना को अगस्त तक बढ़ाने के साथ-साथ व्यावसायिक उपभोक्ताओं तक भी विस्तारित किया जा रहा है, जिससे अधिक लोग लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े व्यावसायिक एवं गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लेट पेमेंट सरचार्ज पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इस निर्णय के तहत व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर वर्षों से जमा लगभग 74,293 करोड़ रुपये की पेनल्टी को पूरी तरह माफ किया जाएगा। इससे दिल्ली जल बोर्ड को इन उपभोक्ताओं से लगभग 285.2 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।

लोकार्पित (शुरू की गई) परियोजनाएं

1. नीलोठी-1 एसटीपी की क्षमता बढ़ाई गई
40 एमजीडी से बढ़ाकर 60 एमजीडी की गई।
लागत- 373.21 करोड़ रुपये

2. पप्पनकलां फेज-1 एसटीपी की क्षमता बढ़ाई गई
20 एमजीडी से बढ़ाकर 30 एमजीडी की गई।
लागत- 225.28 करोड़ रुपये

3. नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में हैदरपुर (डब्ल्यूडब्ल्यू-II) की पुरानी पाइपलाइन बदली गई
लागत- 50.72 करोड़ रुपये

4. पीतमपुरा और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में हैदरपुर (डब्ल्यूडब्ल्यू-I) की पुरानी पाइपलाइन बदली गई
लागत- 19.44 करोड़ रुपये

*जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ*

1. जल आपूर्ति सुधार – चंद्रावल डब्ल्यूटीपी क्षेत्र (पैकेज 3)
लागत- 990 करोड़ रुपये

2. जल आपूर्ति सुधार- चंद्रावल डब्ल्यूटीपी क्षेत्र (पैकेज 4)
लागत- 268.41 करोड़ रुपये

3. बेगमपुर क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (रोहिणी एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 58 करोड़ रुपये

4. वजीराबाद क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (कोरोनेशन पिलर एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 25.15 करोड़ रुपये

5. रनहोला क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (नीलोठी एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 34.85 करोड़ रुपये

6. संत नगर क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (कोरोनेशन पिलर एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 40.21 करोड़ रुपये

7. मोलरबंद एसटीपी की क्षमता में वृद्धि (0.67 एमजीडी बढ़ाई जाएगी)
लागत- 14.71 करोड़ रुपये

Related Articles

Back to top button