जयपुर
महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा सोमवार देर शाम बूंदी जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने तालेड़ा थाने का भ्रमण कर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से संवाद किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, कार्यप्रणाली और पुलिसिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली। इस दौरान महानिरीक्षक पुलिस, कोटा रेंज हरेंद्र कुमार एवं उप महानिरीक्षक पुलिस, पुलिस मुख्यालय जयपुर श्री कुंवर राष्ट्रदीप भी मौजूद रहे।
जवानों के साथ किया रात्रि भोज, बढ़ाया उत्साह
डीजीपी शर्मा ने थाना परिसर स्थित पुलिस मेस का निरीक्षण किया और यहां पुलिसकर्मियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने जवानों के साथ बैठकर भोजन किया और सहज संवाद के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिसकर्मी पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा
इसके बाद डीजीपी ने जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की। इसमें जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डीजीपी ने अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रिय एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई तथा नवीन आपराधिक कानूनों के तहत अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप कार्य करने को कहा। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन—जागरूकता पैदा करने के साथ—साथ पीड़ित की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान तथा जांच प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक परिवादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने महिला एवं बाल अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
डीजीपी ने क्षेत्र में पुलिस गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने और अपराध की रोकथाम के लिए सक्रियता बढ़ाने के साथ ही नए सीएलजी सदस्यों को अधिक से अधिक पुलिस-जन सहभागिता से जोड़ने पर भी जोर दिया
तकनीक के साथ मजबूत होगा पुलिसिंग का तंत्र
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और कानून का राज स्थापित करना है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक, संवेदनशील एवं भरोसेमंद छवि को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने तकनीक एवं आधुनिक पुलिसिंग के प्रभावी उपयोग के साथ पारंपरिक पुलिसिंग और मजबूत सूचना तंत्र को भी और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बूंदी संजय सिंह चम्पावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल बूंदी जसवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल बूंदी अदिति चौधरी सहित समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी एवं पुलिस जवान उपस्थित रहे।

अपने हुनर से कारीगरों ने बुने हैं खुबसूरत वस्त्र..
बनाना हमारा संकल्प – राज्यपाल रमेन डेका छत्तीसगढ़ ने विकास के 26 वर्षों की यात्रा पूरी कर जिम्मेदारियों और नई संभावनाओं के दौर में किया प्रवेश- राज्यपाल
मिट्टी की कलाकृतियों में झलक रही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और प्राचीन परंपरा
उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में राज्योत्सव का किया शुभारंभ, प्रदेशवासियों को दी राज्य स्थापना दिवस की बधाई