फाजिल्का: राज्यपाल कटारिया ने भरी हुंकार— ‘शत्रु देश की ड्रोन साजिश को नाकाम करेगी जनता की सतर्कता’, करण गिलहोत्रा फाउंडेशन के कार्यों को सराहा
फाजिल्का के छाबड़ा पैलेस में करण गिलहोत्रा फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में राज्यपाल ने नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई और सीमावर्ती सुरक्षा पर जोर दिया।

फाजिल्का: भारत-पाक सीमा पर स्थित फाजिल्का में नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग का शंखनाद हुआ है। स्थानीय छाबड़ा पैलेस में ‘करण गिलहोत्रा फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने शिरकत की। यह कार्यक्रम विशेष रूप से राज्यपाल द्वारा जिले में निकाले गए नशा-विरोधी पैदल मार्च के प्रति आभार व्यक्त करने और सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किया गया था।
ड्रोन तस्करी: पड़ोसी देश की साजिश पर प्रहार अपने संबोधन में राज्यपाल कटारिया ने सीमा पार से हो रही घुसपैठ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पड़ोसी शत्रु देश एक सोची-समझी साजिश के तहत ड्रोन के जरिए नशा भेजकर हमारी युवा पीढ़ी को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर करना चाहता है। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि “सरकार ने एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए हैं, लेकिन सीमावर्ती नागरिकों की सतर्कता ही इस साजिश को विफल करने में सबसे बड़ी ढाल साबित होगी।”
समाज सेवा और शिक्षा का संगम समारोह के दौरान करण गिलहोत्रा फाउंडेशन और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट किया। राज्यपाल ने फाउंडेशन द्वारा शिक्षा और समाज कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब धार्मिक संगठन, पंचायतें, राजनीतिक दल और शिक्षण संस्थान एक सूत्र में बंधेंगे, तभी ‘नशा-मुक्त और प्रगतिशील पंजाब’ का सपना साकार होगा।
अपनत्व का भाव: प्रोटोकॉल तोड़ पार्षदों और गणमान्यों से मिले राज्यपाल कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि राज्यपाल ने औपचारिकताएं छोड़ खुद अपनी सीट से उठकर वहां मौजूद सभी मेहमानों के पास जाकर मुलाकात की। इस अवसर पर करण गिलहोत्रा ने फाउंडेशन की भविष्य की योजनाओं को साझा किया। कार्यक्रम में प्रिंसिंपल सचिव आईएएस विवेक प्रताप, पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी और रेड क्रॉस सचिव शिव दुलार सिंह भी मंच पर मौजूद रहे।



