पंजाबराज्य

एयरपोर्ट जांच में पकड़ा गया करोड़ों का गोल्ड, अमृतसर से मलेशिया जा रहे यात्री से मिला खजाना

अमृतसर

अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने जांच के दौरान एक यात्री के कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। बरामद किए गए सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.58 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार संबंधित यात्री फ्लाइट संख्या एमएच-119 के जरिए कुआलालंपुर जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। चेकिंग के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कस्टम विभाग की टीम ने उसे रोककर विस्तृत जांच की। तलाशी लेने पर उसके पास से सोना बरामद हुआ।

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक बरामद सोने का कुल वजन 1 किलो 676 ग्राम है। सोने को जब्त कर लिया गया है और यात्री से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था।

कस्टम विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर तस्करी रोकने के लिए निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
  

Related Articles

Back to top button