नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में जारी टेस्ट मैच के पहले दिन (10 जुलाई) इतिहास रच दिया. हरमनप्रीत कौर ने 58 रनों की शानदार पारी खेलकर ऐसा कारनामा किया, जो उनसे पहले भारत का कोई भी पुरुष या महिला क्रिकेटर नहीं कर सका था.
37 साल की हरमनप्रीत कौर अब लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बन गई हैं. सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे क्रिकेटर्स भी ऐसा नहीं कर पाए थे. हरमनप्रीत ने इससे पहले इस मैदान पर वनडे और टी20 इंटरनेशनल में भी 50 या उससे ज्यादा रनों की इनिंग्स खेली थीं.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शेफाली वर्मा (0 रन) और यास्तिका भाटिया (12 रन) के जल्दी आउट होने से भारत ने सात ओवरों के अंदर सिर्फ 37 रन पर दो विकेट गंवा दिए. इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने पारी को संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई. जेमिमा ने 5 चौके की मदद से 38 गेंदों पर 35 रन बनाए, लेकिन उन्हें इस्सी वोंग ने आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया. जेमिमा के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरीं और उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ मिलकर इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया.
हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने चौथे विकेट के लिए 89 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. भारतीय कप्तान ने अपनी पारी के दौरान शानदार बल्लेबाजी की और स्ट्राइक रोटेट करने के साथ खराब गेंदों को बाउंड्री तक पहुंचाया. मंधाना अपने शतक की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थीं, लेकिन 83 रन बनाकर इसी वोंग की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गईं.
इसके बाद हरमनप्रीत ने अपना अर्धशतक पूरा कर इतिहास रच दिया. अपना डेब्यू मैच खेल रहीं स्पिनर मैडी विलियर्स ने भारतीय कप्तान को बोल्ड किया. हरमनप्रीत के आउट होने के बाद भारतीय टीम की इनिंग्स ट्रैक से उतर गई.. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए भारत के बाकी सात विकेट सिर्फ 85 रनों के अंदर गिरा दिए. हालांकि निचले क्रम में दीप्ति शर्मा ने शानदार संघर्ष किया. उन्होंने 57 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और स्नेह राणा के साथ 45 रनों की साझेदारी कर भारत को पहली पारी में 285 रनों तक पहुंचाया.

5 विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा ने दिलाई टीम इंडिया को जीत, बोले- पूरा देश तुम पर भरोसा करता है
IND vs NZ 2nd T20: 70 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद भारत की धमाकेदार वापसी, तिलक वर्मा ने जड़ा नाबाद अर्धशतक
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 को लेकर PCB की योजना, भारत के मैचों के लिए UAE हो सकता है न्यूट्रल वेन्यू
भारत ने एशियन पैरा गेम्स में जीते 30 गोल्ड समेत 114 पदक, हांगझोऊ का रिकॉर्ड टूटा