भारतट्रेंडिंगराज्य
Trending

बीएमसी में ऐतिहासिक बदलाव: रीतू तावड़े होंगी मुंबई की अगली मेयर, 25 साल बाद शिवसेना (UBT) का वर्चस्व खत्म

मुंबई महानगर पालिका (BMC) में एक नए युग की शुरुआत हो रही है। 15 जनवरी 2026 को हुए चुनावों के बाद, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रीतू तावड़े को महापौर (Mayor) पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह पहली बार है जब देश की सबसे अमीर नगर पालिका में बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है।

Mumbai New Mayor: मुंबई नगर निगम (BMC) में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो चुके हैं। अब सिर्फ औपचारिक ऐलान और नामांकन की प्रक्रिया बाकी है। बीजेपी की उम्मीदवार रीतू तावड़े को मुंबई का नया महापौर चुना गया है, जबकि डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से संजय घाड़ी नामांकन करेंगे।

बीजेपी का पहली बार मुंबई में मेयर बनना पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसी खुशी में बीजेपी कार्यालय में विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जहां 10 पंडितों द्वारा वेद मंत्रों का उच्चारण और शंखनाद किया गया।

रीतू तावड़े का सियासी सफर

रीतू तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं और फिलहाल महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं। जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक समस्याओं को गंभीरता से उठाने के लिए उन्हें जाना जाता है।
मराठा समुदाय से होने के बावजूद उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में मजबूत पकड़ बनाई। वर्ष 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के बाद से पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ता गया।

महायुति को मिला स्पष्ट बहुमत

15 जनवरी 2026 को हुए बीएमसी चुनावों में बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को बहुमत मिला। बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं। कुल मिलाकर महायुति के पास 118 से अधिक सीटें हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 114 है।

गौरतलब है कि बीएमसी में आखिरी बार मेयर का चुनाव साल 2017 में हुआ था। इसके बाद से निगम प्रशासक के अधीन था। इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था और लॉटरी के जरिए रीतू तावड़े का नाम तय हुआ।

डिप्टी मेयर संजय घाड़ी का कार्यकाल सवा साल का होगा। नामांकन के बाद नई नगर सरकार औपचारिक रूप से कामकाज संभाल लेगी।

Related Articles

Back to top button