नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर पड़ा है। सुरक्षा हालात को देखते हुए Air India ने दुबई, दोहा, रियाद, जेद्दा, दम्माम, मस्कट, अबू धाबी और तेल अवीव समेत पूरे खाड़ी क्षेत्र की अपनी उड़ानें तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी हैं।
‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ के बाद बढ़ा तनाव
सूत्रों के अनुसार, इजरायल ने ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ शुरू किया है, जिसमें उसे अमेरिका का समर्थन मिल रहा है। जवाब में ईरान की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है। इस सैन्य गतिविधि के चलते कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस आंशिक या पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 28 फरवरी को तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 को बीच रास्ते से ही वापस भारत लौटना पड़ा।
एयर इंडिया ने जिन प्रमुख रूट्स पर सेवाएं रोकी हैं, उनमें शामिल हैं:
यूएई के दुबई और अबू धाबी
सऊदी अरब के रियाद, जेद्दा और दम्माम
कतर की राजधानी दोहा
ओमान का मस्कट
इजरायल का तेल अवीव
एयरलाइन ने कहा है कि अगली सूचना तक इन रूट्स पर संचालन स्थगित रहेगा।
इंडिगो की भी एडवाइजरी
निजी एयरलाइन IndiGo ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि वह ईरान और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरत पड़ने पर उड़ानों के संचालन में तत्काल बदलाव किए जाएंगे।
यात्रियों से अपील
एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों से आग्रह किया है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर के जरिए जरूर जांच लें। इंडिगो ने आश्वासन दिया है कि उड़ानों में किसी भी बदलाव की सूचना यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर तुरंत दी जाएगी। एयरलाइंस का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और हालात सामान्य होते ही सेवाएं बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा।

कांग्रेस की बरनाला रैली पर ‘आप’ का तीखा हमला, पंजाबी नेताओं को पोस्टर में जगह नहीं: बलतेज पन्नू !
मध्य-पूर्व में महायुद्ध की आहट? इजरायली हमले में ईरान के रक्षा मंत्री और IRGC कमांडर के मारे जाने का दावा
300 करोड़ का निवेश और सैकड़ों नौकरियां: पंजाब के डेयरी क्षेत्र को ‘कारगिल’ से मिलेगी नई रफ्तार