
लुधियाना: शहर में लुटेरों के हौसले बुलंद हैं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने इस बार अपराधियों को भागने का मौका नहीं दिया। काकोवाल रोड पर एक ऑटो चालक को लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को थाना जोधवाल पुलिस ने वारदात के कुछ ही देर बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान जज सिंह और गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है।
हथियार की नोक पर वारदात
शिकायतकर्ता उत्तम ने पुलिस को बताया कि वह अपने ऑटो थ्री-व्हीलर पर माल की डिलीवरी देकर वापस अपनी फैक्ट्री जा रहा था। शाम करीब पौने 5 बजे जब वह हीरा टीना वाली फैक्ट्री के पास पहुँचा, तो बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने तेजधार हथियार दिखाकर उत्तम को जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब से 11,500 रुपये नकद और गले से 6 तोले की चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बिना नंबर प्लेट वाला काला स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अन्य वारदातों का भी सुराग लगाया जा सके।



