खेल

IPL 2026: आज के मैच में भुवनेश्वर कुमार बना सकते हैं बड़ा रिकॉर्ड, 200 विकेट की दहलीज पर

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 19वें संस्करण का आगाज आज 28 मार्च से हो रहा है। पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। यह मुकाबला शाम में शुरू होगा। आईपीएल 2026 के शुरुआती मैच में ही भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमारके पास इतिहास रचने का खास मौका होगा। भुवी अगर आज के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो विकेट हासिल कर लेते हैं तो उनके नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज हो जाएगी।

शनिवार को खेले जाने वाले मुकाबले में आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार दो विकेट लेते ही आईपीएल के इतिहास में 200 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे। वे साथ ही साथ इस लीग के पहले ऐसे तेज गेंदबाज होंगे, जो 200 विकेट का मुकाम हासिल करेंगे। अभी तक आईपीएल में 200 विकेट लेने का रिकॉर्ड सिर्फ युजवेंद्र चहल के नाम है, जो स्पिन गेंदबाज हैं। चहल ने अपने आईपीएल करियर में 2013 से लेकर अब तक कुल 174 मैच खेले हैं, जिसकी 172 पारियों में गेंदबाजी करते हुए कुल 221 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 22.76 का और 7.96 की है। 4 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट लेना उनका अब तक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भुवनेश्वर कुमार चहल के बाद दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2011 से 2025 तक कुल 190 मैच खेले हैं जिसकी सभी 190 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 27.33 की औसत और 7.69 की शानदार इकोनॉमी के साथ कुल 198 विकेट हासिल किए हैं। 4 ओवर के स्पेल में 19 रन देकर 5 विकेट हासिल करना भुवी का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। भुवी के बाद लिस्ट में तीसरे स्थान पर सुनील नरेन हैं, जिन्होंने 189 मैचों की 187 पारियों में कुल 192 विकेट लिए हैं। पीयूष चावला के नाम भी 192 मैच की 191 पारियों में 192 विकेट हैं। अश्विन के नाम इस लीग में 187 विकेट हैं और वे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर है। बुमराह ने 2013 से आईपीएल खेलना शुरू किया था और 2025 तक कुल 183 विकेट लिए हैं।

आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
युजवेद्र चहल, 172 पारियों में 221 विकेट
भुवनेश्वर कुमार, 190 पारियों में 198 विकेट
सुनील नरेन, 187 पारियों में 192 विकेट
पीयूष चावला, 191 पारियों में 192 विकेट
रविचंद्रन अश्विन, 217 पारियों में 187 विकेट
जसप्रीत बुमराह, 145 पारियों में 183 विकेट

भुवनेश्वर कुमार आज सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में आरसीबी की प्लेइंग 11 का हिस्सा हो सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए ही भुवी दो विकेट निकालकर इतिहास रच सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भुवी इसी मैच में यह कारनामा कर पाते हैं या उन्हें और इंतजार करना पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button