कपूरथला.
केंद्रीय जेल कपूरथला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हत्या जैसे संगीन मामलों में बंद दो कैदियों ने जेल से भागने की साजिश रच डाली। जेल की ई- ब्लाक की चक्की नंबर 10 में बंद दोनों कैदियों ने पहले तो गेट के एंगल में लगी ईंटें उखाड़ दीं, चक्की में तोड़फोड़ कर सरकारी प्रापर्टी को नुकसान पहुंचाया और फिर ड्यूटी पर तैनात वार्डर पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
मामला 18 अगस्त सुबह 10:30 बजे का है। जेल प्रशासन ने तुरंत थाना कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट राज कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान, ड्यूटी में बाधा और जेल से फरार होने की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।
गाली-गलौज और पथराव कर बनाया दहशत का माहौल
ई- ब्लाक के इंचार्ज ने अपनी शिकायत में बताया कि वार्डर गुरप्रीत सिंह बैलेट ने उन्हें सूचना दी कि चक्की नंबर 10 में बंद कैदी तोड़फोड़ कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे तो देखा कि गेट का एंगल तोड़कर ईंटें निकाली जा रही थीं। रोकने पर दोनों कैदी ड्यूटी स्टाफ को गंदी गालियां देने लगे और ईंट-पत्थर मारने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
कौन हैं दोनों आरोपित?
1. रमनदीप सिंह मंगू मठ पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी भोरा कालोनी थाना सलेम टाबरी लुधियाना। यह धारा 295ए, 302, 511 आइपीसी के तहत थाना सिटी फगवाड़ा में दर्ज हत्या के मामले में बंद है।
2. राजा पुत्र बच्चू राम यादव मूल निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश, हाल निवासी गुरबचन नगर जालंधर। यह भी धारा 302/34 आइपीसी थाना डिवीजन नंबर एक जालंधर में दर्ज हत्या के केस में बंद है।
हत्या के अलावा भी कई मामले दर्ज
जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट राज कुमार के मुताबिक दोनों कैदी पहले से ही कई अन्य आपराधिक मामलों में जेल में बंद हैं और अब जेल ब्रेक की इस नई साजिश में उनके खिलाफ अलग से एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ग्वालियर AI सम्मेलन 2.0 का समापन, 40 टीमों ने हैकाथॉन में दिखाए AI आधारित नवाचार
CG में अर्नब का प्रभाव होगा कम, मौसम विभाग ने कई जिलों में जारी किया बारिश का अलर्ट
धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव तक 15.50 किलोमीटर सड़क का होगा नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण
‘भाजपा के जांबाज कार्यकर्ता मैदान में डटे हैं, नींद हमारी नहीं बल्कि विपक्ष की उड़ी है’: विजय लक्ष्मी गौतम”