लखनऊ
देव दीपावली पर इस बार काशी के घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। श्रद्धा और भव्यता के इस आयोजन में भीड़ प्रबंधन से लेकर नावों के संचालन तक की व्यवस्था बदली गई है। गंगा में नमो घाट से अस्सी घाट तक नावों के आवागमन के लिए पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू होगा। इसके तहत नावों के आने और लौटने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं, ताकि गंगा में नावों की टक्कर और अव्यवस्था की आशंका कम हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा।
चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाएगी। इस दिन सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपक भी शामिल होंगे।
27 वॉच टावर और ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि अन्य स्थानों पर भी दीपोत्सव की व्यवस्था की जाए।
एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है।
27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरों और त्वरित प्रतिक्रिया दलों से निगरानी होगी। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वाड तैनात रहेगी। शहर को जाम से बचाने के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।

20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मनेगी देव दीपावली
योगी सरकार में स्वच्छता की नई मिसाल बने यूपी के शहर, लखनऊ समेत तीन को बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश का बना उदाहरण
Uttar Pradesh shines in the cleanliness survey, with Lucknow ranking third in the country and Ghaziabad first in the state.