पंजाबराज्य

पठानकोट को मिली बड़ी सौगात, रेलवे ओवरब्रिज प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार की मंजूरी

पठानकोट.

पठानकोट और सुजानपुर के बीच ट्रैफिक की बड़ी समस्या को हल करने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार इस प्रोजेक्ट पर करीब 52.36 करोड़ रुपये खर्च करेगी। ओवरब्रिज बनने से इस रूट पर रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पठानकोट-सुजानपुर रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने से अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। जानकारी के मुताबिक यह फाटक रोजाना करीब 70 से 80 बार बंद होता है, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। खासकर ऑफिस टाइम और स्कूल की छुट्टी के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इमरजेंसी सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों को भी कई बार जाम में फंसना पड़ता है।

ओवरब्रिज बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर निर्भरता खत्म हो जाएगी और ट्रैफिक बिना रुकावट के चलेगा। स्थानीय लोगों ने इस प्रोजेक्ट का स्वागत किया और कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या का पक्का समाधान हो जाएगा। निवासियों ने सरकार से मांग की है कि ओवरब्रिज का काम जल्द शुरू किया जाए और तय समय में पूरा किया जाए। 

Related Articles

Back to top button