प्रदेश के 78 हजार राशन विक्रेताओं को सोमवार को उपहार देंगे सीएम योगी
राशन वितरण में फीडबैक का नया सिस्टम, विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल होगा
विक्रेताओं की प्रतिक्रिया सीधे डिजिटल माध्यम से लेने की नई व्यवस्था शुरू होगी
लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को बड़ी सौगात देंगे। सरकार उनके लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल करने जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ करेंगे। इससे राशन वितरण व्यवस्था में विक्रेताओं की प्रतिक्रिया सीधे डिजिटल माध्यम से लेने की नई व्यवस्था शुरू होगी।
मुख्यमंत्री योगी सुबह 9:30 बजे लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में नई फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी मौजूद रहेंगे। नई व्यवस्था सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी से जुड़े उचित दर विक्रेताओं के अनुभव और फीडबैक को ई-पॉस के माध्यम से दर्ज करने में मदद करेगी।
गोरखपुर में पहलवानों को करेंगे पुरस्कृत
राजधानी में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंचेंगे। अपराह्न तीन बजे नागपंचमी के अवसर पर श्रीगोरखनाथ मंदिर के मेला परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री प्रतियोगिता के विजेता पहलवानों को पुरस्कृत करेंगे।
तीन श्रेणियों के विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु श्रेणी के विजेताओं को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलेगा।

वर्षा जल संरक्षण से बदलेगी गांव की सूरत, ग्राम दर्री में 24 लाख लीटर से ज्यादा पानी सहेजने की तैयारी
Bhopal News: अब हर मकान का होगा डिजिटल एड्रेस, जनगणना-2027 में हुई बड़ी पहल
MP में बिजली संकट की आशंका! बारिश की कमी और कोयले की सप्लाई बनी चिंता
श्री रावतपुरा सरकार के सानिध्य में भोपाल में गुप्त श्रीविद्या साधना, जुटेंगे 1100 वैदिक आचार्य