रोज-रोज लंच में वही सादी दाल-रोटी और चावल खाकर अक्सर हर कोई बोर हो जाता है. ऐसे में आज संडे के दिन अगर लंच में कुछ खास, कचौरी जैसा खस्ता और खट्टा-मीठा चटपटा खाने को मिल जाए तो मजा आ जाता है. अगर आप भी लंच के मेन्यू में कुछ नया और मजेदार ट्विस्ट लाना चाहते हैं तो आज ही बनाएं सूजी की फूली-फूली पूड़ियां और पारंपरिक मठ्ठे वाले आलू.
सूजी की पूड़ियां बाहर से बहुत ही क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होती हैं, जो साधारण गेंहू के आटे की पूरी से कहीं ज्यादा टेस्टी लगती हैं. वहीं दही/छाछ (मठ्ठे) के तड़के से बनी आलू की चटपटी सब्जी इसके स्वाद में चार चांद लगा देती है. आइए जानते हैं इस परफेक्ट लंच कॉम्बिनेशन को बनाने की सामग्री और तरीका.
सामग्री
सूजी की पूरी के लिए:
सूजी (रवा) – 1 कप
गरम पानी – 1 कप (सूजी भिगोने के लिए)
गेहूं का आटा – 1 कप
उबला और मैश किया आलू – 1 (ऐच्छिक, एक्स्ट्रा सॉफ्टनेस के लिए)
चिली फ्लेक्स या लाल मिर्च – 1/2 छोटा चम्मच
अजवाइन – 1/2 छोटा चम्मच
कसूरी मेथी – 1 बड़ा चम्मच
हरा धनिया (बारीक कटा) – 2 बड़े चम्मच
तेल – 1 बड़ा चम्मच (मोयन के लिए) + तलने के लिए
नमक – स्वादानुसार
मठ्ठे वाले आलू के लिए:
उबले आलू – 4 (हाथों से मोटे टुकड़ों में तोड़े हुए)
खट्टा मठ्ठा (छाछ) या फेंटा हुआ दही – 2 कप
पानी – 1 कप
हरी मिर्च (बारीक कटी) – 2
अदरक (कद्दूकस किया) – 1 छोटा चम्मच
राई और जीरा – 1/2-1/2 छोटा चम्मच
मेथी दाना – 1/4 छोटा चम्मच
हींग – 1/2 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
तेल या देसी घी – 2 बड़े चम्मच
हरा धनिया – गार्निशिंग के लिए
नमक – स्वादानुसार
बनाने का तरीका
एक बर्तन में 1 कप सूजी और 1 कप गरम पानी डालकर ढककर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
फूली हुई सूजी में गेहूं का आटा, उबला मैश आलू, अजवाइन, चिली फ्लेक्स, कसूरी मेथी, हरा धनिया, 1 चम्मच तेल और नमक मिलाएं. बिना अतिरिक्त पानी डाले सख्त आटा गूंध लें और 10 मिनट रेस्ट दें.
कड़ाही में 2 चम्मच तेल या घी गरम करें. इसमें जीरा, राई, मेथी दाना, हींग, हरी मिर्च और अदरक डालकर भूनें.
अब हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. तुरंत उबले हुए आलू डालकर 2 मिनट मसालों के साथ अच्छे से भून लें.
अब आंच को बिल्कुल धीमा करें और कड़ाही में मठ्ठा (छाछ) और 1 कप पानी डालते हुए एक हाथ से लगातार चलाते रहें. (लगातार चलाना जरूरी है, वरना मठ्ठा फट सकता है).
सब्जी में उबाल आने दें: जब सब्जी में पहला उबाल आ जाए, तब चलाना बंद करें और स्वादानुसार नमक मिलाएं. धीमी आंच पर 5-7 मिनट पकने दें और ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्का सा तेल लगाकर पूड़ियां बेल लें.
कड़ाही में तेल तेज गरम करें और पूड़ियों को डालकर दबाते हुए फूली-फूली और सुनहरी क्रिस्पी होने तक तलें. तैयार सूजी की पूड़ियों को चटपटे मठ्ठे वाले आलू के साथ लंच में सर्व करें.

LPG Cylinder Price: नवंबर के पहले दिन बढ़े गैस सिलेंडर के दाम, जानें दिल्ली में नई कीमत
अब ऑनलाइन बिक रही हैं बाइक और स्कूटर, Amazon Great Indian Festival में टू-व्हीलर की बंपर डिमांड
Tata Sierra और Curvv के बाद आएगी तीसरी SUV, फैमिली कार के तौर पर तैयार हो रही Kuno
Stock Market Holidays: नवंबर में निवेशकों को झटका! 11 दिन नहीं होगा कारोबार, जानें कब खुलेगा बाजार