मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। थाना सुरीर क्षेत्र के माइलस्टोन 88 के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े बस यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना सुरीर क्षेत्र में माइलस्टोन 88 के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पर खड़े बस यात्रियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल है।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्लीपर बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ यात्री लघु शंका के लिए बस से नीचे उतरे थे। इसी दौरान कुछ अन्य यात्री भी सड़क किनारे खड़े हो गए। तभी तेज रफ्तार में आ रहा एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और बस से उतरे यात्रियों को रौंदते हुए निकल गया। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों का इलाज, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घायल यात्री को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।



