
लुधियाना: बिना टिकट यात्रा करने वाले मुसाफिरों के खिलाफ रेलवे ने रविवार को कड़ा रुख अपनाया। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष ‘फोर्ट्रेस चेक’ अभियान के दौरान रेल प्रशासन ने 327 यात्रियों को बिना टिकट सफर करते हुए पकड़ा। इन यात्रियों से मौके पर ही 2 लाख 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सुबह से शाम तक चली सघन चेकिंग रेलवे की यह विशेष कार्रवाई सुबह 9 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक जारी रही। इस दौरान पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप का माहौल रहा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए करीब 20 टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की संयुक्त टीमें तैनात की गई थीं। टीमों ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, एंट्री-एग्जिट गेट और ट्रेनों के भीतर जाकर एक-एक यात्री के टिकट और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
क्या होता है ‘फोर्ट्रेस चेक’? रेलवे की शब्दावली में ‘फोर्ट्रेस चेक’ एक ऐसा औचक अभियान है, जिसमें बिना किसी पूर्व सूचना के किसी खास स्टेशन या रेलखंड की घेराबंदी कर सघन चेकिंग की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे के राजस्व की चोरी रोकना और वैध टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना है। लुधियाना में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अक्सर बिना टिकट यात्रा की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
जारी रहेगी सख्ती: सीनियर DCM वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर DCM) परमदीप सिंह सैनी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि बिना टिकट यात्रा करना कानूनन अपराध है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही स्टेशन में प्रवेश करें। सैनी ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि बिना टिकट यात्रा करने वालों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।



