सावन के पावन महीने में भगवान शिव को भोग लगाने के लिए अगर आप कुछ सफेद मिठाई बनाने के बारे में सोच रहे हैं तो इस बार घर पर ही हलवाई स्टाइल में कलाकंद बना सकते हैं. भगवान शिव को सफेद चीजों का भोग लगाया जाता है और ऐसे में दानेदार कलाकंद से बेस्ट क्या ही होगा.
त्योहार हो, कोई खास खुशी का मौका हो या फिर अचानक मीठा खाने का मन कर जाए, ऐसे समय में सबसे पहले जिस मिठाई की याद आती है, उनमें कलाकंद का नाम जरूर शामिल होता है. हलवाई की दुकान पर सजी मुलायम, दानेदार और दूध से भरपूर कलाकंद देखकर अक्सर मन करता है कि काश इसे घर पर भी बिल्कुल वैसा ही बनाया जा सके.
लेकिन कई लोगों को लगता है कि हलवाई जैसा स्वाद और टेक्सचर घर पर लाना आसान नहीं है. मगर थोड़ी-सी सही तकनीक और कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप भी घर में ऐसी कलाकंद तैयार कर सकते हैं, जिसे देखकर और चखकर कोई भी यह नहीं कह पाएगा कि यह घर की बनी है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का दानेदार टेक्सचर, मुंह में घुल जाने वाली मिठास और ताजे दूध की खुशबू होती है.
आइए जानते हैं हलवाई स्टाइल मुलायम और दानेदार कलाकंद बनाने की आसान रेसिपी.
कलाकंद बनाने के लिए सामग्री
फुल क्रीम दूध – 2 लीटर
नींबू का रस – 2 बड़े चम्मच
कंडेंस्ड मिल्क – 1 कप
इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
घी – 1 छोटा चम्मच (ग्रीस करने के लिए)
पिस्ता– बारीक कटे हुए (गार्निश के लिए)
कलाकंद बनाने का तरीका
पनीर तैयार करें: सबसे पहले दूध को उबाल लें. जब दूध में उबाल आ जाए तो गैस धीमी कर दें और धीरे-धीरे नींबू का रस डालते हुए चलाएं. दूध फटने पर गैस बंद कर दें. अब इसे मलमल के कपड़े में छानकर हल्का सा धो लें ताकि नींबू की खटास निकल जाए. अतिरिक्त पानी निचोड़ लें, लेकिन पनीर को पूरी तरह सूखा न करें.
मिक्सर तैयार करें: एक भारी तले की कड़ाही में तैयार पनीर को हल्का सा मसल लें. अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालें और मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं.
दानेदार टेक्सचर लाएं: करीब 10 से 15 मिनट तक पकाने पर मिक्सर गाढ़ा होने लगेगा. इसमें इलायची पाउडर डालें. ध्यान रखें कि मिक्सर को ज्यादा न पकाएं, वरना कलाकंद सख्त हो जाएगा. हल्का नमी वाला मिक्सर ही सबसे अच्छा रहता है.
सेट करें: एक प्लेट या ट्रे को घी से ग्रीस करें. तैयार मिक्सर को इसमें डालकर समान रूप से फैला दें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता डालकर हल्का दबा दें.
ठंडा होने दें: इसे कमरे के टेम्परेचर पर ठंडा होने दें, फिर 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. अच्छी तरह सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें.
परफेक्ट कलाकंद बनाने के टिप्स
फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें, इससे स्वाद और टेक्सचर बेहतर आता है.
पनीर को बहुत ज्यादा निचोड़कर सूखा न करें, इससे कलाकंद मुलायम रहेगा.
मिश्रण को जरूरत से ज्यादा न पकाएं, तभी हलवाई जैसा दानेदार और नरम टेक्सचर मिलेगा.
चाहें तो ऊपर से केसर के धागे या चांदी का वर्क लगाकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं.

Oracle-Amazon जैसी छंटनी से अलग Microsoft की रणनीति, कर्मचारियों को Voluntary Exit Offer का मौका
Flipkart Diwali Sale: 43 इंच का Xiaomi 4K Smart TV ₹14,000 सस्ता, कार्ड ऑफर से कीमत ₹20,749
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप का मौका, 30 नवंबर तक भरें डाटा
Apple iPhone Duo की स्क्रीन टूटने की शिकायतें, 3 लाख के फोल्डेबल फोन पर उठे सवाल; मिलेगा फ्री रिप्लेसमेंट?