राजस्थानराज्य

पचपदरा रिफाइनरी से बदलेगा राजस्थान का भविष्य: जोगाराम पटेल

जोधपुर

कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल (Jogaram Patel) ने जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की. मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि 21 अप्रैल को बालोतरा जिले के पचपदरा में होने वाला रिफाइनरी उद्घाटन राजस्थान के विकास की दिशा बदल देगा. मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि पचपदरा में बनने वाली यह रिफाइनरी सिर्फ एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के भविष्य को संवारने वाला मील का पत्थर साबित होगी. यह देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी में से एक होगी और इसके जुलाई तक कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की संभावना है.

सालाना करीब 21 हजार करोड़ रुपए मिलेगा राजस्व
इस रिफाइनरी से देश को करीब 21 हजार करोड़ रुपये का सालाना राजस्व मिलने की संभावना है. वहीं, राजस्थान को 4 से 5 हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा. साथ ही हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और बायो-प्रोडक्ट आधारित उद्योगों के विस्तार से पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.

क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से चल रहा- पटेल
जोगाराम पटेल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनें. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों का बड़ा नेटवर्क, नए अस्पताल, कॉलेज, तहसील और पुलिस व्यवस्थाओं जैसे कई विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं.

महिला आरक्षण बिल पर कही ये बात
महिला आरक्षण बिल से पूछे गए सवाल पर मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि यह नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और भविष्य में इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने पर भी विचार किया जा सकता है.

 

Related Articles

Back to top button