पंजाब में दिनदहाड़े सरपंच को मारी गोली: आपसी रंजिश या गैंगवार? पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी

पंजाब के मोगा जिले में बड़ी वारदात। बाघा पुराना में गांव दोहदर के सरपंच हैप्पी को हमलावरों ने गोलियों से भूना। पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश।

मोगा – पंजाब के मोगा जिले के कस्बा बाघा पुराना में शुक्रवार को दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस हमले में दोहदर गांव के मौजूदा सरपंच हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत नाजुक बता रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात हमलावर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में आए और उन्होंने सरपंच हैप्पी पर अचानक कई गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से सरपंच हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गए।

एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मोगा के एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों को निर्देश दिए। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और फरार हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद बाघा पुराना और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version