सावन के पावन महीने में व्रत के दौरान अक्सर समझ नहीं आता कि फलाहार में क्या नया बनाया जाए. अगर आप भी रोज-रोज साधारण या फीके उबले आलू खाकर बोर हो चुके हैं तो इस सावन सोमवार अपनी व्रत की थाली में शामिल करें सिंघाड़े के आटे की क्रिस्पी और फूली-फूली पूड़ियां. सिंघाड़े का आटा न केवल स्वाद में बेहतरीन होता है, बल्कि यह पेट के लिए हल्का और ऊर्जा से भरपूर भी होता है.
अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि सिंघाड़े या कुट्टू के आटे की पूड़ियां बेलते समय टूट जाती हैं या कड़क हो जाती हैं. यहां जानें एक ऐसी खास ट्रिक, जिससे आपकी पूड़ियां एकदम परफेक्ट, गुब्बारे जैसी फूली और खस्ता बनेंगी.
परफेक्ट सिंघाड़े की पूड़ी बनाने की सीक्रेट ट्रिक
सिंघाड़े का आटा ग्लूटेन-फ्री होता है, इसलिए इसे केवल पानी से गूंथने पर यह बिखरने लगता है और पूड़ियां बेलते वक्त किनारों से फटने लगती हैं. आटा गूंथते समय इसमें उबला हुआ और अच्छी तरह मैश किया हुआ आलू जरूर मिलाएं. आलू सिंघाड़े के आटे को बेहतरीन बाइंडिंग देता है, जिससे लोइयां चिकनी बनती हैं और पूड़ियां बिना फटे बेलने पर आसानी से फूलती हैं. आटे को सख्त गूंथें, बहुत ज्यादा ढीला न छोड़ें क्योंकि यह रखने के बाद थोड़ा और नरम होता है.
सिंघाड़े के आटे की क्रिस्पी पूड़ी रेसिपी
आवश्यक सामग्री:
सिंघाड़े का आटा – 2 कप
उबला और मैश किया हुआ आलू – 1/2 कप (मध्यम आकार का 1 आलू)
सेंधा नमक (व्रत का नमक) – स्वादानुसार
काली मिर्च पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच (वैकल्पिक)
घी या व्रत में इस्तेमाल होने वाला मूंगफली का तेल – आटा गूंथने के लिए 1 चम्मच और तलने के लिए आवश्यकतानुसार
गुनगुना पानी – आटा गूंथने के लिए
बनाने की विधि
एक बड़े बर्तन या प्रात में सिंघाड़े का आटा लें. इसमें मैश किया हुआ आलू, सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर डालें. इन सभी चीजों को पहले हाथों से अच्छी तरह मिला लें ताकि आलू आटे में अच्छे से रच-बस जाए.
अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए पूरी के जैसा सख्त आटा गूंथ कर तैयार कर लें. अंत में थोड़ा सा घी लगाकर आटे को चिकना करें और इसे 10 मिनट के लिए ढककर सेट होने के लिए रख दें.
सेट किए हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें और उन्हें गोल आकार दे दें.
सिंघाड़े का आटा बेलन याचकले पर चिपक सकता है, इसलिए चकोर चकले और बेलन पर थोड़ा सा घी या तेल लगा लें. आप चाहें तो पॉलीथिन या बटर पेपर पर हल्का तेल लगाकर भी पूरी को हल्के हाथों से बेल सकती हैं. इससे पूड़ियां बहुत आसानी से उठ जाती हैं.
एक कढ़ाई में व्रत वाला घी या तेल मध्यम-तेज आंच पर गर्म करें. तेल अच्छा गर्म होना चाहिए. अब बेली हुई पूरी को सावधानी से तेल में डालें.
कलछी की मदद से पूरी को हल्का-हल्का दबाएं, जिससे वह गुब्बारे की तरह फूल जाएगी. इसके बाद इसे पलटकर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
अब आपकी गरमा-गरम, क्रिस्पी और फूली-फूली सिंघाड़े के आटे की पूड़ियां तैयार हैं. इसे व्रत वाली आलू-टमाटर की मसालेदार सब्जी या अपनी मनपसंद फलाहारी चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें!

Gold-Silver Rate: धनतेरस पर सोना हुआ महंगा, चांदी की कीमत में भी बढ़ोतरी, जानें शहरों के भाव
Stock Market Update: सेंसेक्स में 565 अंकों की तेजी, स्मॉल और मिडकैप शेयरों में मची तबाही
दिवाली से पहले Steelbird का बड़ा धमाका, FEC-3 हेलमेट में एंटी-फॉग लेंस समेत कई खूबियां
TVS M1-S की एंट्री से इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में हलचल, सिंगल चार्ज में चलेगा 120 KM