
जालंधर: पंजाब के जालंधर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहां एक पिता ने अपने दूर के रिश्तेदार (दामाद) से बदला लेने के लिए अपने ही 6 साल के बेटे की बलि चढ़ा दी। आरोपी ने रिश्तेदार को झूठे केस में फंसाने की साजिश रची थी, लेकिन उसकी यह चाल मासूम बच्चे की जान ले बैठी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
बदले की आग में बना ‘जल्लाद’ आरोपी की पहचान 35 वर्षीय गजेंद्र मुखिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मधेपुरा का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि गजेंद्र के एक रिश्तेदार ने उसके खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बात का बदला लेने के लिए गजेंद्र ने योजना बनाई कि वह अपने बेटे रूपेश को कीटनाशक लगा बिस्कुट खिलाकर बेहोश कर देगा और इसका आरोप अपने रिश्तेदार पर मढ़ देगा।
“मम्मी, पिताजी ने दवा दी है…” मासूम के आखिरी शब्द घटना 6 फरवरी की शाम की है। मृतक की मां ममता ने बताया कि जब वह रसोई में थी, तब रूपेश हाथ में दो बिस्कुट लेकर आया। एक बिस्कुट खाने के बाद मासूम ने मासूमियत से कहा, “मम्मी, पिताजी ने मुझे दवा दी है।” इसके कुछ ही देर बाद बच्चे को उल्टियां होने लगीं। बिस्कुट पर कोई चिपचिपा जहरीला पदार्थ लगा हुआ था। आनन-फानन में बच्चे को अमृतसर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पतारा थाना प्रभारी (SHO) राम किशन ने बताया कि मां की शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी गजेंद्र मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने कबूल किया कि वह केवल बच्चे को बेहोश करना चाहता था ताकि पुलिसिया कार्रवाई का ड्रामा रच सके, लेकिन कीटनाशक की मात्रा अधिक होने से बच्चे की मौत हो गई। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।



