सूरजकुंड मेला हादसा: घायलों से मिले CM नायब सैनी; इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार, हरियाणा में लागू होगी ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सूरजकुंड मेला हादसे के घायलों से मुलाकात की। उन्होंने मुफ्त इलाज, शहीद इंस्पेक्टर के परिवार को नौकरी और नई झूला सेफ्टी पॉलिसी की घोषणा की।
फरीदाबाद/चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार (12 फरवरी) को फरीदाबाद के सुप्रीम अस्पताल पहुँचकर सूरजकुंड मेले में हुए झूला हादसे के घायलों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती तीनों घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों के इलाज का संपूर्ण खर्च हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
शहीद इंस्पेक्टर के परिवार को नौकरी और मदद हादसे के दौरान अपनी जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घोषणा की कि सरकार दिवंगत इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
अब प्रभावी होगी ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’ भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी नीतिगत घोषणा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जल्द ही ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’ लेकर आएगी। इस पॉलिसी के तहत मेलों और मनोरंजन पार्कों में लगने वाले झूलों के लिए कड़े सुरक्षा मानक तय किए जाएंगे और नियमित तकनीकी जांच अनिवार्य होगी। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली और जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।



