लखनऊ
महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नीति आयोग की प्रमुख पहल वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म (WEP) का उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में औपचारिक रूप से शुरू किया गया। यह नया कार्यालय गोमती नगर के विभूति खंड स्थित रोहतास समिट बिल्डिंग में यूपी इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (UPICON) के अंतर्गत स्थापित किया गया है।
वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म (WEP) नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश में महिला उद्यमियों के लिए एक मजबूत और एकीकृत मंच तैयार करना है। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को मेंटोरशिप, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव, नियामकीय सहयोग और नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार की औद्योगिक और स्टार्टअप नीतियों के साथ-साथ महिला स्वयं सहायता समूहों और कारीगरों को प्रोत्साहन देने की विभिन्न योजनाओं ने प्रदेश में महिला उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। लखनऊ में WEP का स्टेट चैप्टर स्थापित होने से प्रदेश की महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर के संसाधनों, मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे पारंपरिक उद्योगों जैसे चिकनकारी, जरदोजी और बनारसी वस्त्र के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों में भी महिलाओं की भागीदारी और उद्यमिता को नई गति मिलेगी।
लखनऊ की प्रसिद्ध महिला उद्यमी और समृद्धि क्रिएशन की संस्थापक सुष्मिता दत्ता ने यूपी चैप्टर का उद्घाटन किया। सुष्मिता दत्ता चिकनकारी पर आधारित परिधान और वस्त्र निर्माण क्षेत्र में अग्रणी उद्यमी हैं और लखनऊ की जीआई टैग प्राप्त पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के साथ ही बड़ी संख्या में महिला कारीगरों को रोजगार उपलब्ध करा रहीं हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थागत सहयोगियों ने भाग लिया और उत्तर प्रदेश में एक मजबूत तथा समावेशी उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के संकल्प को दोहराया।

Haryana Police Transfer: जींद के SP बदले, CID और ATS समेत कई विभागों में नई तैनाती
BCCL की खदानों में ड्रोन से निगरानी, अवैध खनन का मुहाना बंद; 53 वाहनों की जांच
पाकिस्तान से सटी सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी, राजस्थान में फिर खुलेंगी 5 पुरानी चौकियां
मेरठ में ₹200 करोड़ के निवेश से स्थापित होगी क्रिटिकल मिनरल और रेयर अर्थ रिफाइनरी