बिलासपुर.
शराब के नशे में स्कूल आने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने मस्तूरी विकासखंड के प्राथमिक स्कूलों में पदस्थ दो सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया है. दोनों मामलों में स्थानीय शिकायत, जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया के बाद यह निर्णय लिया गया. पहला मामला ग्राम पंचायत जुनवानी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है.
यहां 6 मार्च को ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक संदीप रात्रे को शराब के नशे में पाया. स्कूल के प्रधान पाठक ने बताया कि शिक्षक संदीप रात्रे कई बार बिना पूर्व सूचना के स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे विद्यालय की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होती है. ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधियों और स्कूल स्टाफ ने संयुक्त रूप से इसकी रिपोर्ट तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी को सौंपा. बीईओ की जांच में भी शिकायत सही मिली. जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक संदीप रात्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दर्रीघाट निर्धारित किया गया है.
दूसरा मामला मस्तूरी ब्लॉक के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला कुकुर्दीकला का है. यहां पदस्थ सहायक शिक्षक उत्तम कुमार कंवर के खिलाफ भी शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत सामने आई थी. मामले की जानकारी मिलने पर बीईओ ने शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा. स्पष्टीकरण के जवाब में शिक्षक उत्तम कुमार कंवर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली. इसके बाद बीईओ के भेजे गए रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया. गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में शराब के नशे में स्कूल आने वाले लगभग 14 से अधिक शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है. इसके बावजूद कुछ शिक्षक अपनी आदतों में सुधार नहीं ला रहे हैं.

अक्टूबर में अब तक गुम एवं चोरी हुए 1,899 मोबाइल फोन जब्त
डायल-112 की तत्परता से सड़क दुर्घटना में घायल 12 व्यक्तियों को समय पर मिली चिकित्सा सहायता
प्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों में होगी गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता
बस्तर के लालबाग में वनोपज से सजी 20,700 वर्गफीट की भव्य रंगोली ने रचा विश्व रिकॉर्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया अवलोकन