नई दिल्ली
क्रिकेट वर्ल्ड में भूचाल लाने वाले टीनऐज सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी जब भी किसी मैच में उतरते हैं तो सबका ध्यान सिर्फ इस बात पर रहता है वो कौन सा नया कीर्तिमान बनाएंगे. इंडियन प्रीमियर लीग में धमाके पर धमाका कर रहे इस युवा के पास टी20 रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराने का सुनहरा मौका है. राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी पहले ही कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं. अब उनके पास सबसे तेज 1,000 टी20 रन (पारी के हिसाब से) बनाने का मौका भी है।
फिलहाल यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज ब्रैड हॉज और शॉन मार्श के नाम है. हॉज ने 23 पारी में 1,000 टी20 रन पूरे किए थे. उन्होंने यह उपलब्धि जुलाई 2006 में हासिल की थी. जून 2008 में मार्श ने भी 23 पारी में यह कारनामा किया था. उस समय वे किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेल रहे थे. अब तक सूर्यवंशी ने 22 पारी में 901 रन बनाए हैं. उनका औसत 42.90 और स्ट्राइक रेट 215.55 है. इसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. अगर वे 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शतक लगाते हैं, तो वे सबसे तेज 1,000 टी20 रन बनाने वाले संयुक्त खिलाड़ी बन जाएंगे।
यहां चूके फिर भी होगा मौका
अगर सूर्यवंशी अगली पारी में यह रिकॉर्ड नहीं बना पाते, तो भी उनके पास एक और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका रहेगा. मैथ्यू हेडन ने 2009 में अपनी 24वीं टी20 पारी में 1,000 रन पूरे किए थे. SRH के खिलाफ मैच के बाद रॉयल्स की अगली भिड़ंत 19 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से ईडन गार्डन्स में होगी।
पडिक्कल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
फुल मेंबर देशों के खिलाड़ियों में अगला नाम देवदत्त पडिक्कल का है. आरसीबी के इस ओपनर ने 25 पारी में 1,000 टी20 रन पूरे किए थे. उन्होंने यह उपलब्धि अपने टी20 डेब्यू के एक साल के अंदर ही हासिल कर ली थी. सूर्यवंशी के पास सबसे कम पारी में 1,000 टी20 रन बनाने वाले भारतीय बनने का भी मौका है।

WPL Auction: किरण पर बरसा पैसा, उमा ने रचा इतिहास
टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का जलवा, ICC रैंकिंग में नंबर-1 बने; ईशान किशन पीछे खिसके
रणजी ट्रॉफी में प्रियांशु मोलिया का तिहरा शतक, 321 रन की पारी से तोड़ा बड़ौदा के बल्लेबाजों का रिकॉर्ड
12 ओवर में 139 रन लुटाकर मुश्किल में भुवी, क्या न्यूजीलैंड सीरीज होगी उनके करियर की आखिरी सीरीज?