
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में बढ़ती आपराधिक वारदातों को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस को कटघरे में खड़ा किया है। ‘आप’ विधायक कुलदीप कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है। उन्होंने नंदनगरी की उस हृदयविदारक घटना का जिक्र किया, जहाँ एक पिता अपने नाबालिग बेटे को बदमाशों से बचाने गया था, लेकिन अपराधियों ने पिता की ही गोली मारकर हत्या कर दी।
“एक दिन में 6 मर्डर, सो रही है सरकार” कुलदीप कुमार ने दावा किया कि नए साल से अब तक दिल्ली में सैकड़ों हत्याएं हो चुकी हैं और एक ही दिन में छह-छह हत्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस अपराधियों में खौफ पैदा करने में नाकाम रही है। अब स्थिति यह है कि पहले जो लोग लड़ाई-झगड़े में बीच-बचाव कर मामला शांत कराते थे, आज उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर से समय न मिलने पर नाराजगी विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब ‘आप’ विधायक कानून-व्यवस्था पर चर्चा के लिए समय मांगते हैं, तो उन्हें मिलने का समय नहीं दिया जाता। उन्होंने कमिश्नर से राजनीति से ऊपर उठकर काम करने और जनप्रतिनिधियों से मिलने की अपील की ताकि दिल्ली को सुरक्षित बनाया जा सके।



