ग्राम न्यायालयों के खिलाफ भगवंत मान का बड़ा फैसला, वकीलों के समर्थन में बोले- पंजाब में यह योजना व्यावहारिक नहीं
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ग्राम न्यायालयों को लेकर केंद्र सरकार के दबाव के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। चंडीगढ़ के म्युनिसिपल भवन में 65 बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पंजाब में ग्राम न्यायालयों की संकल्पना पूरी तरह अव्यवहारिक है
चंडीगढ़ : ग्राम न्यायालयों के लिए केंद्र द्वारा किए जा रहे दबाव के खिलाफ स्पष्ट लकीर खींचते हुए, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इसे अव्यवहारिक और कानूनी समुदाय के हितों के खिलाफ बताया और कहा कि सरकार राज्य में इस मुद्दे पर निर्णायक कदम उठाने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने इस मामले की गहराई से जांच करने के लिए कानूनी विशेषज्ञों की एक समिति बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि वे इसे केंद्र सरकार के पास उचित स्तर पर उठाएंगे।
इस मुद्दे को संस्थागत अखंडता और लोगों के भरोसे से संबंधित बताते हुए, पंजाब के मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि न्यायपालिका में कानून का शासन और नैतिक मानदंड सर्वोच्च रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार वकीलों के हितों की रक्षा के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
म्युनिसिपल भवन में 65 बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पूरे राज्य के लोगों की 20 किलोमीटर के दायरे में अदालतों तक पहुंच है, जिस कारण यह संकल्पना पंजाब में व्यावहारिक रूप से लागू नहीं होती है। वकील पहले ही केंद्र के इस कदम के खिलाफ डटे हुए हैं क्योंकि इससे राज्य सरकारों को कानूनी तौर पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब में इस संकल्पना को बंद करने के सभी तरीके ढूंढे जाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने घोषणा की, “पंजाब सरकार इस संबंध में सभी पहलुओं की समीक्षा करने के लिए कानूनी विशेषज्ञों की एक समिति का गठन करेगी। मैं इस मुद्दे को केंद्र सरकार के पास उचित मंचों पर भी उठाऊंगा।”
अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार वकील समुदाय के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
बार एसोसिएशनों के योगदान को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “बार एसोसिएशनों ने देश में कानूनी प्रणाली के विकास में प्रभावी ढंग से योगदान देने के लिए हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और समाज की बेहतरी के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। भारत एक संप्रभु समाजवादी गणराज्य है, जिसमें संसदीय प्रणाली है और इसे यह गौरव प्राप्त है कि वह दुनिया में सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रणाली है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा ये चार विशेषताएं हमारे संविधान द्वारा हर नागरिक के लिए सुरक्षित हैं।”
कानूनी प्रणाली के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि, “कानून का शासन वह नींव है, जिस पर आधुनिक लोकतांत्रिक समाज की स्थापना की जाती है। न्यायपालिका में मूल्यों, अखंडता और उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध कानूनी प्रणाली एक जीवंत और न्यायपूर्ण समाज का महत्वपूर्ण अंग है। मौलिक अधिकारों को मैं समझता हूं और वकीलों को अपने करियर में सफल होने के लिए आने वाली मुश्किलों से भी अवगत हूं।”
सार्वजनिक जीवन और कानूनी पेशे की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “राजनीतिक नेताओं और वकीलों को एक जैसा सार्वजनिक भरोसा हासिल होता है और दोनों को इस भरोसे को हर तरीके से बरकरार रखने के लिए काम करना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि, “इंसाफ आजकल अन्य चीजों की तरह महंगा है।” इसलिए उन्होंने यह विचार पेश किया कि वकीलों को समाज के हाशिए पर धकेले गए वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए एनजीओ (NGOs) की स्थापना करनी चाहिए।
नैतिकता की जरूरत पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि केस हारे या जीते जा सकते हैं लेकिन कानून का शासन हमेशा कायम रहना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “वकील सुरक्षा एक्ट और चैंबरों के कमर्शियल बिजली कनेक्शनों को घरेलू कनेक्शनों में तब्दील करने सहित वकीलों की हर मांग जायज है और इसकी समीक्षा की जाएगी। मैं खुद लोगों का वकील हूं और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।”
बैठक के स्थान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इस म्युनिसिपल भवन को ‘नियुक्ति भवन’ के रूप में जाना जाता है, क्योंकि यहां कुल 63,000 नौकरियों में से लगभग 50,000 नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “पंजाब सरकार ने आम आदमी को लाभ पहुंचाने के लिए पहले ही बहुत सारे लोक-हितैषी और नागरिक केंद्रित फैसले लिए हैं और कई अन्य फैसले लिए जा रहे हैं। लोकतंत्र में लोग सर्वोच्च होते हैं। अपने सत्ता काल के दौरान महलों में रहने वालों ने अपने घरों के दरवाजे लोगों के लिए बंद कर दिए थे लेकिन जब लोगों को मौका मिला तो उन्होंने महलों वालों के घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए।”
इससे पहले एडवोकेट जनरल पंजाब मनिंदरजीत सिंह बेदी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और समारोह के महत्व पर प्रकाश डाला।


