ट्रेंडिंग

Apple iPhone Duo की स्क्रीन टूटने की शिकायतें, 3 लाख के फोल्डेबल फोन पर उठे सवाल; मिलेगा फ्री रिप्लेसमेंट?

Apple ने हाल ही में पहली बार फोल्डेबल आईफोन लॉन्च किया. लॉन्च के बाद ऐपल के नए सीईओ जॉन टर्नस ने दूसरी कंपनियों का मजाक उड़ाया. उन्होंने कहा कि दूसरी कंपनियां जो फोल्डेबल बनाती हैं वो कूड़े की तरह और बेकार हैं. लेकिन जो iPhone Duo के साथ हो रहा है उसे देख कर कुछ और ही लग रहा है.

सोशल मीडिया पर लगातार लोग iPhone Duo के स्क्रीन टूटने की शिकायत कर रहे हैं. ये फोन JerryRigEverything के ड्यूरेब्लिटी टेस्ट में भी फेल हो गया है. 3 लाख रुपये का फोन खरीदने के बाद अगर उसकी स्क्रीन कुछ ही दिनों में टूट जाए, तो किसी भी ग्राहक को झटका लगेगा.

मिलेगा फ्री रिप्लेसमेंट?
Apple के नए फोल्डेबल फोन iPhone Duo को लेकर कुछ यूजर्स के साथ ऐसा ही हुआ है. फोन की अंदरूनी स्क्रीन पर दरार और चमकदार लाइन दिखने की शिकायतें सामने आईं. अब Apple ने भी माना है कि उसके नए फोन की कुछ यूनिट में स्क्रीन से जुड़ी समस्या है. कंपनी ने प्रभावित ग्राहकों को AppleCare से संपर्क करने और रिप्लेसमेंट लेने की सलाह दी है.

यह मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि iPhone Duo Apple का पहला फोल्डेबल फोन है और इसकी सबसे बड़ी खूबी ही इसकी मुड़ने वाली स्क्रीन है. लॉन्च के कुछ ही दिनों बाद स्क्रीन टूटने की शिकायतों ने फोन की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

हालांकि, Apple का कहना है कि यह समस्या बहुत कम फोन में देखी गई है. अभी यह साफ नहीं है कि इसकी असली वजह क्या है और कुल कितने फोन इससे प्रभावित हुए हैं.

Apple ने क्या कहा? क्या ग्राहकों को मिलेगा नया फोन?
Apple ने 26 अक्टूबर को इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी ने कहा कि उसे iPhone Duo की कुछ यूनिट में अंदरूनी स्क्रीन से जुड़ी समस्या की जानकारी है. अगर किसी ग्राहक के फोन की स्क्रीन में परेशानी आती है, तो उसे AppleCare से संपर्क करना चाहिए. कंपनी प्रभावित फोन को बदलने की व्यवस्था कर रही है.

यह Apple की तरफ से समस्या स्वीकार करने का अहम कदम है. लेकिन कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि स्क्रीन टूटने की वजह क्या है. यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि क्या फोन के डिजाइन में कोई कमी है, कुछ यूनिट में मैन्युफैक्चरिंग की गड़बड़ी है या समस्या किसी दूसरी वजह से आ रही है.

इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि iPhone Duo के सभी फोन में खराबी है. Apple ने खुद समस्या को बहुत कम यूनिट तक सीमित बताया है. जिन ग्राहकों के फोन में ऐसी दिक्कत नहीं आई है, उनके लिए फिलहाल किसी बड़े खतरे की पुष्टि नहीं हुई है.

कुछ ही बार फोन खोलने पर टूट गई स्क्रीन?
स्क्रीन टूटने की शिकायतों में एक मामला ऑस्ट्रेलिया के यूजर का है. MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर ने बताया कि फोन मिलने के करीब छह घंटे बाद उसने इसे 20 बार से भी कम खोला था.

फोन खोलते समय उसे हिंज यानी स्क्रीन को मोड़ने वाले हिस्से के पास कुछ अटकने जैसा महसूस हुआ. इसके बाद आवाज आई और अंदर की स्क्रीन पर दरार दिखाई देने लगी.

यूजर का दावा था कि स्क्रीन की सतह या फोन के बाहरी हिस्से पर पहले से कोई साफ नुकसान नहीं था. उसने Apple Store जाकर शिकायत की और रिपोर्ट के मुताबिक, उसका फोन बदल दिया गया.

कुछ दूसरे यूजर्स ने भी स्क्रीन के बीच वाले हिस्से के पास दरार या चमकदार लाइन दिखने की बात कही. कई तस्वीरों में नुकसान लगभग एक ही जगह पर नजर आया. इससे हिंज के डिजाइन और उसके अंदर मौजूद हिस्सों को लेकर सवाल उठे हैं.

आखिर स्क्रीन क्यों टूट रही है? iFixit ने क्या बताया?
फोन रिपेयर और जांच करने वाली कंपनी iFixit ने iPhone Duo को खोलकर उसके अंदर के हिस्सों की पड़ताल की. जांच में हिंज के आसपास कई ऐसे हिस्से मिले, जिनकी स्थिति स्क्रीन पर पड़ने वाले दबाव को प्रभावित कर सकती है.

iFixit के मुताबिक, एक संभावना यह है कि हिंज के अंदर मौजूद बीच का सपोर्ट बार फोन को मोड़ते समय ठीक से अपनी जगह से पीछे न हटे. ऐसी स्थिति में स्क्रीन के एक छोटे हिस्से पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है. अगर दबाव एक ही जगह पर जमा हो जाए, तो वहां नुकसान होने की आशंका बढ़ सकती है.

लेकिन यह अभी एक संभावित वजह है, पक्की पुष्टि नहीं. Apple ने iFixit की इस थ्योरी पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है. कंपनी की जांच से ही साफ हो पाएगा कि स्क्रीन टूटने के पीछे असली कारण क्या है.

धूल भी बन सकती है परेशानी?
स्क्रीन टूटने की शिकायतों के बीच हिंज में धूल पहुंचने का मामला भी सामने आया है. JerryRigEverything के ड्यूरेबिलिटी टेस्ट और iFixit की जांच में फोन के हिंज के अंदर कुछ धूल पहुंची. इसके बाद हिंज से अजीब आवाज आने लगी.

यह बात इसलिए अहम है क्योंकि फोल्डेबल फोन में हिंज सिर्फ फोन को खोलने और बंद करने का हिस्सा नहीं है. इसी के आसपास स्क्रीन को सहारा देने वाले कई जरूरी हिस्से भी होते हैं. अगर वहां धूल जमा होती है या कोई हिस्सा ठीक से काम नहीं करता, तो फोन खोलने-बंद करने में परेशानी आ सकती है.

क्या यह Apple के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है?
iPhone Duo Apple के लिए एक अहम प्रोडक्ट है, क्योंकि कंपनी पहली बार फोल्डेबल फोन के बाजार में उतरी है. इस तरह के फोन में स्क्रीन को बार-बार मोड़ना पड़ता है, इसलिए हिंज और डिस्प्ले की मजबूती बहुत मायने रखती है.

अगर कुछ फोन में शुरुआती दिनों में ही स्क्रीन टूटने की शिकायत आती है, तो खरीदारों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है. खासकर तब, जब फोन की कीमत करीब 3 लाख रुपये हो और उसकी मरम्मत भी महंगी पड़ सकती हो. मामला और दिलचस्प इसलिए भी है क्योंकि कंपनी के नए सीईओ दूसरे फोल्डेबल्स को कूड़ा बता चुके हैं और अब वही कंपनियां iPhone Duo को बुरी तरह ट्रोल कर रही हैं.
फिलहाल शिकायतों की संख्या कम बताई गई है और यह तय नहीं है कि मामला किसी खास बैच तक सीमित है या नहीं. इसलिए इसे पूरे मॉडल की बड़ी नाकामी कहना अभी सही नहीं होगा. लेकिन Apple के लिए जरूरी होगा कि वह प्रभावित ग्राहकों की समस्या हल करे और स्क्रीन टूटने की वजह को लेकर ज्यादा जानकारी दे.

Related Articles

Back to top button