अमृतसर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: रइया पुलिस चौकी को IED धमाके से उड़ाने का था प्लान, बम निरोधक दस्ते ने तड़के किया डिफ्यूज

पंजाब के अमृतसर जिले में रइया पुलिस चौकी को उड़ाने की बड़ी आतंकी साजिश विफल। बम निरोधक दस्ते ने समय रहते आईईडी को नष्ट किया। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज पर फोकस।

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां आतंकियों ने अमृतसर देहात के ब्यास थाने के अंतर्गत आने वाली रइया पुलिस चौकी को शुक्रवार देर रात आईईडी (IED) धमाके से उड़ाने की खौफनाक साजिश रची थी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते समय रहते इस आईईडी का पता चल गया, जिससे आतंकियों के नापाक मंसूबों पर पूरी तरह से पानी फिर गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

बम निरोधक दस्ते ने तड़के किया डिफ्यूज

पुलिस चौकी के पास विस्फोटक मिलने की भनक लगते ही महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार तड़के तुरंत बम निरोधक दस्ते (बम डिस्पोजल टीम) को मौके पर बुलाया गया। टीम ने बेहद सावधानीपूर्वक आईईडी को कब्जे में लेकर उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट (डिफ्यूज) कर दिया। इस बड़ी आतंकी घटना को टालने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच तेज

इस घटना के बाद से पूरे इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन या गैंगस्टर गुट ने इस दुस्साहसिक कृत्य की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस अधिकारी अब गहनता से इस बात का सुराग लगाने में जुट गए हैं कि चौकी के पीछे आईईडी फिट करने वाले आतंकी या गैंगस्टर कौन थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस आसपास के इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, शनिवार सुबह तक इस मामले में किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी थी।

Exit mobile version